लोकल न्यूज़/राजस्थान / महाराष्ट्र के बाद अब राजस्थान और कर्नाटक में भी न्यू ईयर पर रहेगा नाइट कर्फ्यू; पार्टी करने पर रोक

Zoom News : Dec 23, 2020, 07:11 PM
महाराष्ट्र के बाद अब राजस्थान और कर्नाटक में भी न्यू ईयर की पार्टी पर रोक लग गई है। इस दौरान तीनों राज्यों में नाइट कर्फ्यू लगा रहेगा। महाराष्ट्र में मंगलवार रात से ही नाइट कर्फ्यू लागू है। कर्नाटक में आज रात 10 बजे से लग जाएगा। राजस्थान में 31 दिसंबर की रात से एक जनवरी की सुबह 6 बजे तक सबकुछ बंद रहेगा।


राजस्थान सरकार ने कहा, 31 दिसंबर की रात 8 बजे से एक जनवरी की सुबह 6 बजे तक राज्य के सभी बड़े शहरों में नाइट कर्फ्यू लगा रहेगा। ये कर्फ्यू राज्य के सभी नगर निगम, नगर परिषद और एक लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में लगेगा। इस दौरान किसी भी होटल, रेस्टोरेंट, रिसोर्ट, फार्म हाउस पर किसी भी तरह के कार्यक्रम या पार्टी का आयोजन नहीं होगा। आतिशबाजी करने और पटाखे बेचने पर भी रोक रहेगी।


उधर, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा की नाइट कर्फ्यू बुधवार की रात से शुरू होकर 2 जनवरी तक जारी रहेगा। इसके बाद हालात का जायजा लेकर आगे के लिए फैसला लिया जाएगा। नाइट कर्फ्यू रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लागू रहेगा।


महाराष्ट्र में फिर से खुलेंगे टूरिस्ट प्लेस:


महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में एक बार फिर से टूरिस्ट प्लेस खोलने का आदेश जारी कर दिया है। सभी जगहों पर कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। हालांकि ये टूरिस्ट प्लेस कंटेनमेंट जोन के बाहर ही खुलेंगे। इसके साथ वाटर स्पोर्ट्स, नौका विहार, पार्क, इंडोर एंटरटेनमेंट एक्टिविटी की भी मंजूरी मिल गई है।


केरल में हालात बिगड़ी:


देश में कोरोना संक्रमण के मामले में अब केरल की हालत चिंता बढ़ा रही है। यहां हर दिन 5-6 हजार केस आ रहे हैं। यहां मंगलवार को भी 6049 मरीजों की पहचान हुई। यह कुछ दिन पहले तक टॉप पर चल रहे महाराष्ट्र के मामलों से लगभग दोगुना है। यहां मंगलवार को 3106 केस आए। केरल में अब 61 हजार एक्टिव केस हैं, जबकि महाराष्ट्र में 58 हजार।


देश में मंगलवार को 23 हजार 880 केस आए और 27 हजार 32 मरीज ठीक हो गए। 329 की मौत हुई। इस तरह एक्टिव केस में 3498 की कमी आई। देश में अब तक 1 करोड़ 99 हजार केस आ चुके हैं। 96.62 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.46 लाख की मौत हो चुकी है। कुल 2.87 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।


ब्रिटेन से एक महीने में 50 हजार 832 लोग आए, सभी की तलाश की जाएगी:

ब्रिटेन में मिले कोरोना के नए स्ट्रेन को फैलने से रोकने की कवायद तेज हो गई है। भारत ने पिछले एक महीने (25 नवंबर से 22 दिसंबर तक) ब्रिटेन से भारत आए सभी लोगों की लिस्ट तैयार कर ली है। यह लिस्ट राज्यों के साथ साझा की जा रही है। केंद्र के अनुसार, एक महीने में कुल 50 हजार 832 लोग ब्रिटेन से भारत आए हैं। सबसे ज्यादा 16 हजार 281 लोग दिल्ली में उतरे हैं। इन सभी लोगों की तलाश शुरू हो गई है।


मंगलवार को 1,500 से ज्यादा लोग ब्रिटेन से भारत आए। इनमें 24 लोग संक्रमित मिले। यह संख्या बढ़ भी सकती है, क्योंकि सभी की टेस्ट रिपोर्ट नहीं आई है। अब तक भारत समेत कुल 49 देश ब्रिटेन से आने वाली उड़ानों पर रोक लगा चुके हैं।


कोरोना अपडेट्स:


  • हैदराबाद में फिल्म अभिनेता रजनीकांत के क्रू टीम के 7 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले बताया कि इसकी वजह से शूटिंग रोक दी गई है।
  • अंडमान निकोबार प्रशासन ने यूटी में आने वाले लोगों के लिए कोविड-19 टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य कर दी है। प्रशासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक 26 दिसंबर से जो लोग भी फ्लाइट के जरिए VSI एयरपोर्ट पर उतरेंगे उन्हें कोविड-19 निगेटिव रिपोर्ट दिखनी होगी। इसके लिए 48 घंटे पहले टेस्ट कराना होगा।
  • ओडिशा में पुरी स्थित भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर को नौ महीने बाद आज से भक्तों के लिए खोल दिया गया। बाहरी लोगों को 3 जनवरी से दर्शन की इजाजत मिलेगी। इस दौरान रोज 5000 भक्त ही दर्शन कर पाएंगे।
  • तमिलनाडु सरकार ने पोंगल पर होने वाले जल्लीकट्‌टू के कार्यक्रमों को कोविड से संबंधित प्रतिबंधों के साथ कराए जाने की मंजूरी दे दी है।
  • तेलंगाना सरकार ने प्राइवेट लैब में RT-PCR कोविड-19 टेस्ट का शुल्क तय कर दिया है। अब 500 रुपए में ही लोग जांच करा पाएंगे। अगर लैब के कर्मचारी किसी के घर जाकर सैंपल लेंगे तो इसके लिए वह 750 रुपए ले सकेंगे।


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER