नई दिल्ली / अमित शाह ने गृह मंत्री और राजनाथ सिंह ने रक्षा मंत्री के तौर पर संभाला पदभार

Twitter : Jun 01, 2019, 03:26 PM
नई दिल्ली. मोदी सरकार-2 के मंत्रिमंडल में विभागों के बंटवारे के बाद शनिवार को कई मंत्रियों ने कार्यभार संभाला। शाह इससे पहले गुजरात में आठ साल गृह मंत्री रह चुके हैं। इससे पहले गृह मंत्रालय का जिम्मा राजनाथ सिंह के पास था। अब उन्हें रक्षा मंत्री बनाया गया है। एस जयशंकर ने विदेश मंत्रालय का कार्यभार संभालते हुए कहा कि वह सुषमाजी के पद चिह्नों पर चलेंगे। यह उनके लिए गर्व की बात होगी।

राजनाथ सिंह ने रक्षा मंत्रालय का कामकाज संभाला

राजनाथ सिंह ने केंद्रीय मंत्री के रूप में रक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभाल लिया है। इस दौरान रक्षा राज्य मंत्री श्रीपाद येशो नाइक भी मौजूद थे। राजनाथ सिंह पिछली सरकार में गृह मंत्री थे।

एस जयंशकर ने विदेश मंत्रालय का कार्यभार संभाला

पूर्व विदेश सचिव रहे एस जयशंकर ने शनिवार को विदेश मंत्रालय का कामकाज संभाला। उन्होंने ट्वीट कर कहा- वे पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के पद चिह्नों पर चलेंगे। यह उनके लिए गर्व की बात होगी। जयशंकर 2015 से 2018 तक विदेश सचिव रह चुके हैं।

बाबुल सुप्रियो ने राज्यमंत्री का कार्यभार संभाला

बाबुल सुप्रियो ने पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में राज्य मंत्री का पदभार संभाला। वे पश्चिम बंगाल के आसनसोल लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गए हैं। वे 2014 में भी भाजपा से सांसद चुने गए थे।

जावड़ेकर ने कामकाज संभाला

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय का कार्यभार संभाला। इस दौरान पहली बार मंत्री बने बाबुल सुप्रियो भी मौजूद रहे। उन्हें सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का भी जिम्मा सौंपा गया है। पिछली सरकार में वे मानव संसाधन विकास मंत्री थे।

नरेंद्र सिंह तोमर ने कृषि मंत्रालय का जिम्मा संभाला

नरेंद्र सिंह तोमर ने कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय का कार्यभार संभाल लिया है। इससे पहले यह विभाग राधामोहन सिंह के पास था। इस बार राधामोहन सिंह को कैबिनेट में जगह नहीं मिली है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER