बरेली / बच्चे ने घर के आंगन में सांप को निगला, मां ने देखा और फिर...

Zee News : Sep 06, 2020, 01:47 PM
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फतेहगंज क्षेत्र के भोलापुर गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक साल के बच्चे ने घर के आंगन में खेलते हुए सांप को निगल लिया। खबरों के मुताबिक, लड़के ने सांप को थोड़ा सा काट लिया था और जब उसकी मां ने बच्चे के मुंह में कुछ भरा महसूस होने पर देखा, तब तक बच्चा उस चीज को आंशिक रूप से निगल चुका था। जब मां ने उसे बाहर निकाला तो वो देखकर हैरान रह गईं कि यह एक सांप था। 

डॉक्टरों ने इस तरह बचाई मासूम की जान

लड़के को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। लड़के के पिता धरमपाल छह इंच लंबे मरे सांप को अपने साथ अस्पताल लेकर गए। चिकित्सा अधिकारी हरीश चंद्र ने कहा कि बच्चे को एंटी-वेनम इंजेक्शन दिया गया और उसे आपातकालीन (Emergency) वार्ड में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, यह एक क्रेट हैचलिंग (Hatchling) यानी करैत सांप था। जो बेहद जहरीला होता है, लेकिन समय पर इलाज हो जाने के कारण बच्चा खतरे से बाहर है। 

पीड़ित किसान ने बताया सारा घटनाक्रम 

गांव में खेती से आजीविका कमाने वाले किसान धरमपाल ने संवाददाताओं को बताया कि उनकी पत्नी सोमवती ने बेटे देवेंद्र के मुंह में कुछ देखा और जब उसने उसे बाहर निकाला, तो वह डर के मारे चीख पड़ी। क्योंकि यह एक छोटा सांप था जो जल्द ही मर चुका था। 

वन विभाग अधिकारी ने किया जागरूक

वरिष्ठ आईएफएस (भारतीय वन सेवा) अधिकारी रमेश पांडे ने कहा कि "क्रेट हैचलिंग और आम वुल्फ सांप अक्सर समान दिखते हैं। उनकी स्किन के एक जैसे पैटर्न के कारण उनकी पहचान करना मुश्किल होता है। क्रेट हैचलिंग के काटने से इंसान की मौत हो सकती है लेकिन वुल्फ घातक नहीं होता है। लड़के को एंटी-वेनम देने में कोई नुकसान नहीं है, क्योंकि इसका कोई साइड इफेक्ट नहीं है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER