बिहार सरकार ने पुलिस महकमे में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 29 पुलिस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इनमें 27 भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी शामिल हैं। सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा किए गए इस बड़े बदलाव के तहत 13 जिलों के पुलिस कप्तान बदल दिए गए हैं। गृह विभाग ने गुरुवार देर रात इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की, जिसमें अधिकारियों की नई तैनातियों का विस्तृत विवरण दिया गया है।
13 जिलों को मिले नए पुलिस कप्तान
अधिसूचना के अनुसार, राज्य के 13 महत्वपूर्ण जिलों में नए पुलिस अधीक्षकों की नियुक्ति की गई है। कुमार गौतम को पश्चिम चंपारण (बेतिया) का नया पुलिस अधीक्षक (एसपी) बनाया गया है। उपेंद्र नाथ वर्मा अब औरंगाबाद के एसपी होंगे, जबकि अमितेश कुमार को बांका का एसपी नियुक्त किया गया है। पूर्णिया जिले में भी बड़ा बदलाव हुआ है, जहाँ शौर्य सुमन को नया वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बनाया गया है।
अन्य जिलों की बात करें तो हिमांशु को शेखपुरा का एसपी, राजेश कुमार को बगहा का एसपी और शुभांक मिश्रा को वैशाली का एसपी बनाया गया है। शिखर चौधरी कैमूर के नए एसपी होंगे, जबकि विक्रम सिहाग को सहरसा के एसपी की जिम्मेदारी दी गई है और भानु प्रताप सिंह को खगड़िया, परिचय कुमार को कटिहार, कोटा किरण कुमार को जहानाबाद और शैलेन्द्र सिंह को शिवहर का नया पुलिस कप्तान नियुक्त किया गया है।
पटना, भागलपुर और गया में नए सिटी एसपी
राजधानी पटना की पुलिसिंग व्यवस्था में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। पटना के तीनों नगर एसपी बदल दिए गए हैं। शैलजा को पटना पूर्वी का नगर एसपी, संकेत कुमार को पटना पश्चिमी का नगर एसपी और बिहार पुलिस सेवा की अधिकारी ममता कल्याणी को पटना मध्य का नगर एसपी बनाया गया है।
पटना के अलावा भागलपुर और गया में भी नए नगर एसपी तैनात किए गए हैं। अतुलेश झा को भागलपुर का नगर एसपी और अभिनव को गया का नगर एसपी बनाया गया है। ग्रामीण इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिव्यांजलि जायसवाल को गया का ग्रामीण एसपी और साक्षी कुमारी को दरभंगा का ग्रामीण एसपी नियुक्त किया गया है।
विशेष इकाइयों और प्रशिक्षण संस्थानों में तैनाती
तबादलों की इस सूची में कई अधिकारियों को विशेष सशस्त्र पुलिस और अन्य महत्वपूर्ण विभागों में भेजा गया है। खगड़िया के पूर्व एसपी राकेश कुमार को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीसैप)- 5, पटना भेजा गया है। कैमूर के पूर्व एसपी हरिमोहन शुक्ला को बीसैप- 7, कटिहार का नया समादेष्टा बनाया गया है। शेखपुरा के एसपी रहे बलिराम कुमार चौधरी को अब विशेष शाखा में एसपी (सुरक्षा) की जिम्मेदारी दी गई है।
औरंगाबाद के पूर्व एसपी अम्बरीष राहुल को बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर का नया सहायक निदेशक नियुक्त किया गया है। रामानंद कौशल को सीआईडी में एसपी बनाया गया है। चंद्र प्रकाश को बीसैप- 10, पटना का समादेष्टा नियुक्त किया गया है, साथ ही उनके पास साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई के एसपी का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। जहानाबाद के पूर्व एसपी अपराजित को बीसैप- 16, पटना का समादेष्टा बनाया गया है। पूर्णिया की पूर्व एसपी स्वीटी सहरावत अब विशेष शाखा में एसपी के रूप में कार्य करेंगी। इसके अलावा, बिहार पुलिस सेवा के अधिकारी मनोज राम को सिपाही प्रशिक्षण विद्यालय, नाथनगर का प्राचार्य नियुक्त किया गया है।
