Politics / ‘हॉकी स्टिक’ के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगे कैप्टन अमरिंदर सिंह, पार्टी ने कहा- ‘अब बस गोल मारना है बाकी’

Zoom News : Jan 10, 2022, 06:58 PM
पंजाब (Punjab) के पूर्व मुख्यंमत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह (Amarinder Singh) की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस (Punjab Lok Congress) को चुनाव आयोग (Election Commission) ने हॉकी स्टिक और हॉकी बॉल का चुनाव सिंबल दिया है. पंजाब लोक कांग्रेस ने एक ट्वीट में कहा, ‘यह बताते हुए खुशी हो रही है कि पंजाब लोक कांग्रेस को पार्टी का प्रतीक -हॉकी स्टिक और बॉल मिल गया है.’ पार्टी ने आगे कहा, ‘अब केवल गोल करना बाकी है.’ हॉकी भारत का राष्ट्रीय खेल है और पंजाब में काफी लोकप्रिय है. राज्य के ग्रामीण इलाकों में इसे सबसे ज्यादा खेला जाता है.

पंजाब से आने वाले कई हॉकी खिलाड़ियों ने भारत की हॉकी टीम की जर्सी पहनी है और देश का प्रतिनिधित्व किया है. दिलचस्प बात यह है कि भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान परगट सिंह (Pargat Singh) भी राज्य की कांग्रेस सरकार में मंत्री हैं. वहीं, अमरिंदर सिंह ने कुछ महीने पहले तक पंजाब सरकार का नेतृत्व किया था. लेकिन फिर पंजाब कांग्रेस चीफ और क्रिकेटर से राजनेता बने नवजोत सिंह सिद्धू के साथ उनकी तल्खियां बढ़ गईं और दोनों के बीच विवाद हो गया. इसके बाद अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और अपनी खुद की पार्टी (पंजाब लोक कांग्रेस) बनाई.


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER