राजस्थान / मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का बड़ा फैसला, शुक्रवार 6 बजे से सोमवार 5 बजे तक रहेगा कर्फ्यू

Zoom News : Apr 16, 2021, 06:25 AM
जयपुरः राजस्थान में कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रकोप को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत चिंतित है। इसी को देखते हुए गुरुवार को भी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बेकाबू हुए कोरोना को लेकर अपने आवास पर हाईलेवल बैठक बुलाई है। बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस वीकेंड कर्फ्यू करने का फैसला किया है। 

शुक्रवार शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक कर्फ्यूः

बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश में कोरोना संक्रमण की चैन को तोड़ने के लिए इस वीकेंड कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है। इसके तहत शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक पूरे प्रदेश में कर्फ्यू रहेगा। बताया जा रहा है कि फिलहाल इसी वीकेंड के लिए यह फैसला किया गया हैं औऱ अगले वीक के लिए बाद में फैसला किया जाएगा। कल शाम 5 बजे से पूरे प्रदेश में बाजार बंद हो जाएंगे। वहीं शाम 6 बजे आने-जाने की इजाजत नहीं होगी केवल आवश्यक सेवाओं को कर्फ्यू में छूट दी जाएगी।

वीकेंड लॉकडाउन को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने खुद ट्वीट कर जानकारी दी है। उन्होंने लिखा है कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए कल शुक्रवार शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक प्रदेश में कर्फ्यू रहेगा। आप सभी से अपील है कि कर्फ्यू के दौरान सरकार का सहयोग करें और कोविड एप्रोप्रिएट बिहेवियर का पालन करें। वहीं एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा कि कर्फ्यू के दौरान पहले से चल रहे नाइट कर्फ्यू में छूट की श्रेणी वाली सेवाओं में फल-सब्जी, दूध, एलपीजी और बैंकिग सेवाओं को भी शामिल किया गया है।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत प्रदेश में बेकाबू होते कोविड-19 को लेकर लगातार बैठक कर प्रदेश में कोरोना की स्थिति पर नियंत्रण, उससे प्रभावी तरीको से निपटने के लिए चिकित्सा व्यवस्था और जनता की सुरक्षा को लेकर बड़े फैसले ले रहे हैं। मुख्यमंत्री गहलोत ने गुरुवार देर रात अपने आवास पर एक हाईलेवल बैठक बुलाई हैं। इस बैठक में मुख्य सचिव, डीजीपी, डीजी लॉ एंड ऑर्डर, प्रमुख सचिव गृह, चिकित्सा शिक्षा सचिव, चिकित्सा सचिव शामिल हुए हैं। बताया जा रहा है कि बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत प्रदेश में बढ़ते कोरोना को लेकर आगे के लिए सख्त फैसले ले सकते हैं। खबर लिखे जाने तक बैठक जारी थी।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER