AAP MP Sanjay Singh / संजय सिंह के परिवार से मिलने पहुंचे CM केजरीवाल, आज ED ने किया है गिरफ्तार

Zoom News : Oct 04, 2023, 10:32 PM
AAP MP Sanjay Singh: आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को दिल्ली शराब घोटाला मामले में ईडी ने गिरफ्तार किया है। उनकी गिरफ्तारी के बाद से ही आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में गुस्सा है और वह केंद्र सरकार के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। इस बीच दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल के साथ संजय सिंह के घर पर पहुंचे हैं। सीएम ने संजय के माता-पिता और पत्नी से मुलाकात की है और उसकी तस्वीर भी सामने आई है।

संजय की गिरफ्तारी पर क्या बोले अरविंद केजरीवाल?

संजय की गिरफ्तारी पर अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, 'संजय सिंह की गिरफ्तारी बिल्कुल गैर कानूनी है। ये पीएम मोदी की बौखलाहट दर्शाता है। चुनाव तक ये कई और विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार करेंगे।' इससे पहले केजरीवाल ने सिंह के आवास पर ईडी की छापेमारी को बीजेपी का ‘आखिरी हताशापूर्ण प्रयास’ करार दिया और कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी को 2024 के लोकसभा चुनावों में हार की आशंका है। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि ऐसे कई छापे पड़ेंगे लेकिन डरने की कोई बात नहीं है। केजरीवाल ने दावा किया कि उनके खिलाफ हजारों छापे मारे गए हैं, लेकिन आज तक एक भी पैसा बरामद नहीं हुआ है। 

उन्होंने यह भी कहा कि सिंह के घर से भी कुछ नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा घबरा गई है। उसको लगता है कि वर्ष 2024 के आम चुनाव में उसे भारी हार का सामना करना पड़ेगा। ये एक हारने वाली पार्टी की आखिरी हताशापूर्ण कोशिशें हैं। कल यह कई पत्रकारों के साथ हुआ, अब यह संजय सिंह के साथ हो रहा है, जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, ऐसा कई लोगों के साथ होगा।’’ 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएगा इस तरह की छापेमारी और बढ़ेगी। चुनाव के नजदीक आते ही ईडी, सीबीआई, आयकर और पुलिस, सब सक्रिय हो जाएंगे। इस तरह के और छापे मारे जाएंगे। लेकिन डरने की जरूरत नहीं है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER