समुद्र में तूफान / आंध्र और ओडिशा तट की ओर बढ़ रहा चक्रवात 'असानी', सभी पुलिस स्टेशनों में हाई अलर्ट

Zoom News : May 11, 2022, 08:57 AM
बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान का असर दिखना शुरू हो गया है। आंध्र प्रदेश, ओडिशा के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, चक्रवात 'असानी' के अगले कुछ घंटों में उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। यह शाम या कल सुबह तक आंध्र और ओडिशा के तट तक पहुंचेगा। 


चक्रवात असानी के चलते खास तौर पर ओडिशा और आंध्र प्रदेश में हाई अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा के पुरी के एडिशनल एसपी मिहिर कुमार पांडा ने बताया, असानी के कारण तेज हवाएं चल रही हैं और ऊंची लरहें उठने लगी हैं। इसके मद्देनजर तटीय क्षेत्रों के आसपास रह रहे लोगों को अलर्ट किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि, पुलिस बलों और सभी स्टेशनों को हाईअलर्ट पर रखा गया है। इसके अलावा सुरक्षा की दृष्टि से कई उड़ानों को भी रद्द किया गया है।  


शाम तक और असर दिखाएगा चक्रवात 

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात असानी अगले कुछ घंटों में उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने के साथ आंध्र प्रदेश तट तक पहुंचेगा। इसके बाद चक्रवात के मछलीपट्टनम, नरसापुर, यनम, काकीनाडा, तुनी और विशाखापत्तनम तटों तक पहुंचने की संभावना है। ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त प्रदीत कुमार जेना ने बताया कि विशाखापत्तनम पहुंचने के बाद यह समुद्र में मिल जाएगा। 


कल से कमजोर होगा तूफान 

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 12 मई की सुबह तक धीरे-धीरे चक्रवाती तूफान कमजोर होने लगेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य पर गंभीर चक्रवाती तूफान 'असानी' पिछले 6 घंटों के दौरान 12 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा, धीरे-धीरे यह चक्रवाती तूफान कमजोर हो रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि असानी बुधवार सुबह काकीनाडा और विशाखापट्टनम के बीच तट से टकराएगा। इस दौरान 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं और भारी बारिश हो सकती है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER