DC vs RR LIVE Score, IPL 2022 / राजस्थान रॉयल्स ने 15 रन से जीता मैच, अंकतालिका के टॉप पर पहुंचा

Zoom News : Apr 22, 2022, 10:23 PM
IPL 2022 के 34वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 15 रन से हरा दिया है। DC के सामने 223 रनों का टारगेट था, जिसके जवाब में टीम 207/8 का स्कोर ही बना सकी और मैच हार गई। कप्तान ऋषभ पंत ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए। RR के लिए प्रसिद्ध कृष्णा ने 4 विकेट हासिल किए।


राजस्थान रॉयल्स की 7 मैचों में ये 5वीं जीत रही, टीम ने अबतक केवल 2 मैच गंवाए हैं। वहीं, दिल्ली की हालत खराब नजर आ रही है। ऋषभ पंत की कप्तानी वाली टीम 7 में से 4 मैच हार चुकी है। DC ने केवल 3 मैच जीते हैं।


इससे पहले टॉस हारकर बैटिंग करते हुए RR ने 2 विकेट के नुकसान पर 222 का स्कोर बनाया। जोस बटलर ने सबसे ज्यादा 116 रन की पारी खेली। इस सीजन ये उनका तीसरा शतक रहा। दिल्ली की ओर से खलील अहमद और मुस्तफिजुर रहमान ने 1-1 विकेट लिया।


चहल और अश्विन की जोड़ी

RR के लिए इस मैच में आर अश्विन ने 2 और पिछले मैच में हैट्रिक लेने वाले युजवेंद्र चहल ने 1 विकेट चटकाया। अश्विन ने 4 ओवर में 32 रन दिए। उन्होंने पृथ्वी (27) और सरफराज खान (1) को आउट किया। वहीं, चहल ने अपने स्पेल में 28 रन देकर अक्षर पटेल (1) का विकेट लिया।


अर्धशतक से चूके पंत

ऋषभ पंत 24 गेंदों में 44 रन बनाकर प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर आउट हुए। दिल्ली के कप्तान का कैच बैकवर्ड पॉइंट पर देवदत्त पडिक्कल ने पकड़ा। आउट होने से दो गेंद पर पहले ही युजवेंद्र चहल ने बैकवर्ड स्क्वायर लेग पंत का आसान सा कैच ड्रॉप किया था।


  • पंत (44) इस सीजन ये उनका सबसे बढ़िया स्कोर है।
  • दिल्ली के कप्तान ने अबतक 7 पारियों में 188 रन बनाए हैं।
  • पृथ्वी शॉ 27 गेंदों में 37 रन बनाकर अश्विन की गेंद पर आउट हुए।

मैककॉय ने डाला 9 गेंद का ओवर

दिल्ली की पारी के 9वें ओवर में RR के तेज गेंदबाज ओबेद मैककॉय ने 26 रन खर्च किए। खास बात तो ये रही उनका ये ओवर 6 की बजाय 9 गेंदों का रहा। ओवर में मैककॉय ने 2 WIDE और 1 No Ball डाली। इसके अलावा पहली दो गेंदों पर पृथ्वी शॉ ने एक चौका और एक छक्का लगाया। वहीं, ओवर की चौथी और 5वीं गेंद पर पंत ने लगातार 2 चौके जमाए।



5 गेंदों में दिल्ली के गिरे पहले 2 विकेट

टारगेट का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत शानदार रही। पहले विकेट के लिए पृथ्वी शॉ और डेविड वार्नर ने 27 गेंदों पर 43 रन जोड़े। इस साझेदारी को प्रसिद्ध कृष्णा ने वार्नर को आउट कर तोड़ा। वह 5वें ओवर की तीसरी गेंद पर आउट हुए। इसके बाद छठे ओवर की पहली गेंद पर आर अश्विन ने सरफराज खान (1) को आउट कर दिल्ली को दूसरा झटका पहुंचाया। ये दोनों विकेट RR ने 5 गेंदों के अंदर चटकाए।


  • वार्नर ने 200 के स्ट्राइक रेट से 28 रन बनाए।
  • पावर प्ले तक दिल्ली का स्कोर 55/2 था।
  • शॉ और वार्नर अबतक 5 पारियों में 336 रन जोड़ चुके हैं।

संजू की कप्तानी पारी

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने मैच में केवल 19 गेंदों पर नाबाद 46 रन की आतिशी पारी खेली। पारी में उनका स्ट्राइक रेट 242.11 का रहा। दूसरे विकेट के लिए संजू ने बटलर के साथ 23 गेंदों में 47 रन भी जोड़े।


  • RR (222/2) इस सीजन का ये अबतक सबसे बड़ा स्कोर है।
  • आखिरी के 5 ओवरों में राजस्थान ने 1 विकेट खोकर 67 रन बनाए।
  • RR ने 14वीं और DC के खिलाफ पहली बार IPL में 200+ का स्कोर बनाया।
  • राजस्थान का ओवरऑल IPL में ये तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है।
  • इस सीजन रॉयल्स ने तीसरी बार 200+ का स्कोर बनाया।
  • कुलदीप यादव ने मैच में 3 ओवरों में 40 रन खर्च किए।

बटलर ने जड़ा तूफानी शतक

बेहतरीन फॉर्म में चल रहे जोस बटलर इस मैच में भी अपने पूरे रंग में नजर आए। उन्होंने 57 गेंदों में अपने IPL करियर का चौथा और इस सीजन तीसरा शतक पूरा किया। बटलर ने दिल्ली के गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई और मैदान के हर कोने में रन बटोरे। वह 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर 116 रन बनाकर मुस्तफिजुर रहमान की गेंद पर आउट हुए। उनका कैच लॉन्ग ऑन पर वार्नर ने पकड़ा।


  • इस सीजन जोस बटलर का ये लगातार दूसरा शतक रहा।
  • IPL में बटलर का ये चौथा और टी-20 क्रिकेट में 5वां शतक है।
  • DC के खिलाफ जोस ने पहली बार 100+ का स्कोर बनाया।
  • बटलर RR के लिए 4 शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बने।
  • इस सीजन जोस 5 बार 50+ का स्कोर बना चुके हैं।
  • जोस बटलर इस सीजन 8 पारियों में 491 रन बना चुके हैं।

जोस और पडिक्कल की जोड़ी

हले विकेट के लिए जोस बटलर और देवदत्त पडिक्कल ने 155 रन जोड़े। इस घातक साझेदारी को खलील अहमद ने पडिक्कल (54) को आउट कर तोड़ा। हालांकि इस जोड़ी को तोड़ने के लिए दिल्ली को लंबा इंतजार करना पड़ा। RR के लिए IPL में ये सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी है। पिछला रिकॉर्ड- बेन स्टोक्स और संजू सैमसन (2020)


  • बटलर और पडिक्कल की ये पहली शतकीय साझेदारी रही।
  • इस सीजन ये दूसरे सबसे बड़ी पार्टनरशिप है। पहली: रॉबिन उथप्पा और शिवम दुबे 165 रन।

चल गया पडिक्कल का बल्ला

देवदत्त पडिक्कल ने बढ़िया बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों पर अपने IPL करियर का 7वां अर्धशतक पूरा किया। इस सीजन पडिक्कल ने 6 पारियों के बाद पहली फिफ्टी लगाई। हालांकि वह अपनी पारी को ज्यादा आगे नहीं बढ़ा सके और 54 रन बनाकर खलील अहमद की गेंद पर LBW आउट हुए।


  • पडिक्कल का दिल्ली के खिलाफ ये दूसरा और RR के लिए पहला 50+ स्कोर रहा।
  • इस सीजन वह 7 पारियों में 27.42 की औसत से 192 रन बना चुके हैं।

पावर प्ले में रॉयल्स का प्रदर्शन

टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए राजस्थान की धीमी शुरुआत देखने को मिली। पहले 5 ओवर में टीम का स्कोर 29/0 था। हालांकि पावर प्ले के आखिरी ओवर में जोस बटलर ने 15 रन बनाकर टीम को पटरी पर ला खड़ा किया। शुरुआती 6 ओवरों में टीम ने बिना विकेट गंवाए 44 रन बनाए। इस दौरान टीम की ओर से 5 चौके और 2 छक्के देखने के मिले।


पडिक्कल के हैट्रिक चौके

RR की पारी के चौथे ओवर में देवदत्त पडिक्कल ने मुस्तफिजुर रहमान को लगातार 3 चौके लगाए। ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने वाइड स्लिप के ऊपर चौका लगाया। तीसरी गेंद पर पडिक्कल ने शॉर्ट फाइन लेग पर चौका जड़ा और चौथी गेंद पर कवर ड्राइव लगाकर चौकों की हैट्रिक पूरी की।


दोनों टीमों की प्लेइंग-XI

DC: पृथ्वी शॉ, डेविड वार्नर, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, ललित यादव, सरफराज खान, शार्दूल ठाकुर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मुस्तफिजुर रहमान, खलील अहमद।


RR: जोस बटलर, देवदत्त पडिक्कल, संजू सैमसन (कप्तान/विकेटकीपर), करुण नायर, शिमरोन हेटमायर, रियान पराग, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, प्रसिद्ध कृष्णा, ओबेद मैकॉय, युजवेंद्र चहल।



SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER