देश / दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में बरकरार, धुंध की परत से ढकी राजधानी

Zoom News : Nov 11, 2021, 03:46 PM
Delhi Air Pollution: दिवाली के एक हफते बाद भी दिल्ली - NCR के शहरों की हवा दमघोंटू बनी हुई है। वहीं तापमान में भी गिरावट आई है। बुधवार को न्यूनतम तापमान सबसे कम रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आज गुरुवार को अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में तापमान के गिरने से ठंड बढ़ जाएगी। दिल्ली में आज धुंध छाई हुई है। हवा में नमी का स्तर अधिक होने से सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहेगा। ऐसे में विजिबिलटी कम हो जाएगी। देश की राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (Air Quality Index-AQI) 360 पहुंच गया है। जो कि बेहद खराब (very poor) कैटेगरी में गिना जाता है। दिल्ली में अभी धुआं और धुंध का कहर जारी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गाजियाबाद में वायु गुणवत्ता लगातार गंभीर कैटेगरी में बना हुआ है। बुधवार को यह 141 शहरों की लिस्ट में देश का सबसे प्रदूषित शहर दर्ज किया। इसके साथ बुलंदशहर से लेकर पानीपत तक के हालात गंभीर बने हुए हैं। अगले दो दिनों तक हवा के बिगड़े हालात रहने का अनुमान जताया गया है। इसमें 13 नवंबर से सुधार होने की संभावना जताई गई है।

सफर के मुताबिक, पड़ोसी राज्यों में लगातार पराली जलने की घटनाएं सामने आ रही हैं। पिछले 24 घंटे में 5317 पराली जलाई गई हैं। इससे उत्पन्न होने वाले पीएम 2.5 की प्रदूषण में 27 फीसदी हिस्सेदारी रही। हवा की दिशा उत्तर-पश्चिम बनी हुई है, लेकिन रफ्तार हल्की बनी हुई है। लिहाजा पराली का धुआं कम मात्रा में दिल्ली-NCR  तक पहुंचा है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER