मुंबई / देवेंद्र फडणवीस ने अपना ट्विटर बायो बदलकर किया 'महाराष्ट्र का सेवक'

Dainik Bhaskar : Nov 13, 2019, 04:31 PM
मुंबई. राज्य में राष्ट्रपति शासन जारी है। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने राज्य के तीन प्रमुख दलों भाजपा, शिवसेना और राकांपा को सरकार बनाने का न्योता दिया था, लेकिन कोई भी दल सरकार बनाने के लिए जरूरी संख्या बल नहीं जुटा पाया।

इसके बाद राष्ट्रपति शासन लागू होते ही कार्यवाहक मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे देवेंद्र फडणवीस ने अपने ट्विटर का स्टेटस बदल दिया। अब ट्विटर पर उन्होंने 'कार्यवाहक मुख्यमंत्री' की जगह 'महाराष्ट्र का सेवक' लिख दिया है। भारतीय जनता पार्टी और सहयोगी शिवसेना के बीच बातचीत पूरी तरह टूटने के बाद देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री पद से अपने इस्तीफे की घोषणा की थी। इसके बाद राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने उन्हें कार्यवाहक मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री के रूप में काम करने का निर्देश दिया था।  

अभी भी पेश कर सकते हैं सरकार बनाने का दावा

संविधान विशेषज्ञों के मुताबिक, राष्ट्रपति ने अभी विधानसभा को भंग नहीं किया है, इसलिए राजनीतिक पार्टियां संख्या बल जुटाकर सरकार बनाने का दावा अभी भी पेश कर सकती हैं। सुप्रीम कोर्ट 1994 के एस.आर. बोम्मई मामले के फैसले में उन परिस्थियों के बारे में व्यवस्था दे चुका है, जहां अनुच्छेद 356 के तहत राष्ट्रपति शासन लागू करना जरूरी होता है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER