डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा: ईरान ने छोड़ी परमाणु जिद, इस्लामाबाद में डील हुई तो जाऊंगा पाकिस्तान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान ने अपने परमाणु कार्यक्रम की जिद छोड़ दी है। ट्रंप ने कहा कि यदि अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता पाकिस्तान के इस्लामाबाद में हस्ताक्षरित होता है, तो वे वहां जाने पर विचार करेंगे और पाकिस्तान की मध्यस्थता की सराहना की।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ चल रहे शांति प्रयासों के बीच एक बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान ने अपने परमाणु कार्यक्रम की जिद छोड़ दी है और उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अंतिम रूप से साइन हो जाता है, तो वे पाकिस्तान जाने पर विचार करेंगे। ट्रंप ने गुरुवार को यह टिप्पणी उस समय की जब वे व्हाइट हाउस से लास वेगास (नेवाडा) जा रहे थे।

पाकिस्तान की मध्यस्थता और ट्रंप की सराहना

राष्ट्रपति ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान पुष्टि की कि पाकिस्तान, अमेरिका और ईरान के बीच उनके कहने पर मध्यस्थता कर रहा है। उन्होंने कहा, "हां, मैं पाकिस्तान जा सकता हूं। अगर डील इस्लामाबाद में साइन होती है, तो मैं जा सकता हूं और " ट्रंप ने अमेरिका-ईरान वार्ता में पाकिस्तान की भूमिका की जमकर तारीफ की और इसे "बहुत रचनात्मक" करार दिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी मध्यस्थों ने इस दिशा में "बहुत शानदार" काम किया है। ट्रंप ने वार्ता को लेकर आशावादी रुख अपनाते हुए कहा कि समझौता जल्द ही घोषित किया जा सकता है, जिसके व्यापक आर्थिक प्रभाव होंगे।

आर्थिक प्रभाव और तेल की कीमतों पर बयान

ट्रंप ने वार्ता की सफलता को लेकर कहा, "मुझे लगता है कि अभी हमारे बीच बहुत सफल वार्ता चल रही है। अगर यह होता है, तो इसे काफी जल्दी घोषित कर दिया जाएगा। इससे हमें मुफ्त तेल, हॉर्मुज जलडमरूमध्य मुक्त, सब कुछ अच्छा हो जाएगा। " ऊर्जा की कीमतों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कूटनीतिक प्रयासों के कारण ईंधन की कीमतें पहले से ही कम होने के संकेत दे रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछले तीन-चार दिनों में गैस की कीमतें काफी कम हुई हैं। महंगाई के मुद्दे पर ट्रंप ने कहा, "मैंने देश के इतिहास में सबसे ऊंची कीमतें और सबसे खराब महंगाई विरासत में ली थी।

जनरल आसिम मुनीर की तेहरान यात्रा

इसी कूटनीतिक हलचल के बीच, पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर गुरुवार को तेहरान में ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बागेर ग़ालिबाफ से मिले। दोनों देशों के बीच कूटनीतिक प्रयास इस उद्देश्य से तेज हो गए हैं कि अमेरिका और ईरान के बीच रुकी हुई वार्ता को फिर से शुरू किया जा सके। पाकिस्तानी अधिकारियों को तेहरान के परमाणु कार्यक्रम पर किसी बड़ी सफलता की उम्मीद है। जनरल मुनीर बुधवार को तेहरान पहुंचे थे, जहां ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने उनका स्वागत किया। यह यात्रा पहले दौर की असफल वार्ता के बाद दूसरे दौर की तैयारी के लिए की जा रही है।

वार्ता के मुख्य विवादास्पद मुद्दे

ट्रंप की ये टिप्पणियां ऐसे समय में आई हैं जब ईरान संघर्ष पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कूटनीतिक गतिविधियां काफी तेज हो गई हैं। वार्ता के मुख्य बिंदुओं में यूरेनियम संवर्धन की अवधि और मौजूदा स्टॉक का भविष्य सबसे महत्वपूर्ण बना हुआ है।