डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा: ईरान के साथ जंग खत्म होने के करीब, वार्ता का दूसरा दौर जल्द

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ जारी संघर्ष समाप्ति के करीब है। ट्रंप ने फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में परमाणु हथियारों के खतरे और अमेरिकी सैन्य कार्रवाई का जिक्र किया। इस्लामाबाद में विफल वार्ता के बाद अब अगले दो दिनों में दूसरे दौर की बातचीत की संभावना है।

ईरान के साथ जारी तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि जंग अब खत्म होने वाली है और ट्रंप ने यह बात ऐसे समय पर कही है जब अमेरिका की ओर से आने वाले दिनों में मध्य पूर्व में हजारों अतिरिक्त सैनिक भेजने की तैयारी की जा रही है। राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ जंग खत्म होने के करीब है और अगर अमेरिका अभी पीछे हट जाए तो ईरान को दोबारा खड़े होने में कम से कम 20 साल का समय लग जाएगा।

CENTCOM की कार्रवाई और नाकेबंदी

ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब यूएस सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। CENTCOM के अनुसार, नाकेबंदी के पहले 24 घंटों के भीतर ईरान के बंदरगाहों और तटीय इलाकों से आने-जाने वाले सभी यातायात को सफलतापूर्वक रोक दिया गया है। इसके साथ ही CENTCOM ने स्पष्ट किया है कि अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की स्वतंत्रता का पूरी तरह समर्थन कर रहा है।

फॉक्स न्यूज को दिया विशेष इंटरव्यू

राष्ट्रपति ट्रंप ने फॉक्स न्यूज के कार्यक्रम 'मॉर्निंग्स विद मारिया' के लिए दिए गए एक इंटरव्यू में अपनी रणनीति साझा की। मंगलवार को रिकॉर्ड किए गए और बुधवार को प्रसारित होने वाले इस इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, ''मुझे लगता है कि यह लगभग खत्म हो चुका है और '' ट्रंप ने आगे कहा कि वह नहीं चाहते कि ईरान को यह महसूस हो कि उसने किसी भी प्रकार की जीत हासिल की है।

परमाणु हथियारों का खतरा और अमेरिकी रुख

जंग के कारणों पर चर्चा करते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्हें अपनी दिशा बदलनी पड़ी क्योंकि यदि वह ऐसा नहीं करते, तो ईरान के पास परमाणु हथियार होते।

वार्ता का दूसरा दौर और कूटनीतिक प्रयास

अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष की शुरुआत 28 फरवरी को हुई थी। इसके शांतिपूर्ण समाधान के लिए इस्लामाबाद में लंबी वार्ता आयोजित की गई थी, हालांकि उस बातचीत में कोई ठोस समझौता नहीं हो सका था। अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ट्रंप ने संकेत दिया है कि ईरान के साथ बातचीत का दूसरा दौर अगले 2 दिनों में शुरू हो सकता है। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस दूसरे दौर में वार्ता दल का नेतृत्व जारी रखेंगे या नहीं। इस कूटनीतिक दल में व्हाइट हाउस के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर भी शामिल रहे हैं।