वारदात / नशेड़ी पति ने घोंटा पत्नी का गला, फोन न उठाने पर पहुंची बहन तो हुआ खुलासा

Zoom News : Apr 09, 2022, 03:42 PM
उकलाना थाना क्षेत्र के गांव बुड्ढ़ाखेड़ा में एक महिला का शव बरामद हुआ है। आरोप है कि महिला के पति ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और उसके बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतका की आरोपी से दूसरी शादी हुई थी। यह दोनों करीब दस दिन पहले ही यहां किराए के मकान में रहने लगे थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नारनौंद निवासी नीतू (27) की शादी गांव उगालन के राहुल (30) के साथ हुई थी। राहुल अपनी पत्नी नीतू के साथ गांव बुड्ढ़ाखेड़ा में बिश्नोई मंदिर के पास करीब दस दिन से किराए के मकान में रह रहा था। इस मकान में कई परिवार रहते हैं। पड़ोसियों ने बताया कि रात 12 बजे तक सब कुछ ठीक था। कूलर- पंखों की आवाज मे कोई शोर शराबा सुनाई नहीं पड़ा।

पड़ोसियों ने बताया कि दोनों के बीच कई बार झगड़ा हो चुका था। शनिवार सुबह नीतू की बहन रितु ने अपनी बहन के पास फोन किया। कई बार फोन करने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। जिसके बाद रितु बुड्ढ़ाखेड़ा पहुंच गई। उसने नीतू के कमरे का दरवाजा खोला तो अंदर बेड पर नीतू का शव पड़ा था। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग वहां आए। इसके बाद सूचना उकलाना थाना पुलिस को दी गई। रितु ने बताया कि इससे पहले नीतू की शादी दलजीत के साथ हुई थी। दोनों का दो साल का बेटा भी है। 2022 में ही दोनों में तलाक हो गया था। बाद में उसकी दूसरी शादी गांव उगालन के राहुल के साथ कर दी गई। प्राथमिक जांच के अनुसार नीतू की हत्या तकिए से मुंह व गला घोंटकर की गई लगती है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला का पति नशेड़ी था। ऐसा प्रतीत होता है कि महिला की हत्या गला घोंटकर की गई है। पूरी जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मिल सकेगी। - रोहतास सिहाग, डीएसपी, बरवाला

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER