देश / साइक्लोन 'असानी' के प्रभाव के चलते देश के 8 राज्यों में आंधी-पानी का पूर्वानुमान, IMD ने जारी किया अलर्ट

Zoom News : May 10, 2022, 06:33 AM
नई दिल्ली: बंगाल की खाड़ी में उठा ‘असानी’ चक्रवात उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है, लेकिन इसकी गति में अब पहले से कमी आई है। भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि साइक्लोन के चलते 10-13 मई के तक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश के आसार बने हुए हैं। भारतीय मौसम विभाग ने इन राज्यों में अलर्ट जारी किया है। इससे पहले आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में कहा था कि 9 से लेकर 12 मई तक ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में बारिश की संभावना है और येलो अलर्ट जारी किया था।

आईएमडी भुवनेश्वर केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक उमाशंकर दास के मुताबिक अगले 48 घंटों में यह चक्रवात कमजोर पड़ जाएगा, लेकिन तब भी कई राज्यों में भारी बारिश के आसार बने हुए हैं। बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलेंगी। भारतीय मौसम विभाग की ओर से किए गए ट्वीट के मुताबिक पश्चिम बंगाल, बिहार, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय​​​​​​​ में आगामी तीन दिनों में बारिश की संभावना है। प्राइवेट वेदर एजेंसी स्काईमेट ने कहा है कि साइक्लोन ‘असानी’ उत्तर-पश्चिम की ओर से मूव कर रहा है, जिसकी वजह से अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरी तमिलनाडु और दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के मौसम में भारी तब्दीली देखी जाएगी।

स्काईमेट के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, गंगीय पश्चिम बंगाल, तटीय ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा,मेघालय,नागालैंड , असम, अरुणाचल प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, आंतरिक ओडिशा, केरल, दक्षिण कर्नाटक, रायलसीमा और तमिलनाडु में भारी बारिश के आसार हैं। हर बार चक्रवातों के नाम विश्व मौसम विज्ञान संगठन (डब्ल्यूएमओ) की ओर से रखे जाते हैं। ‘असानी’ चक्रवात का नाम श्रीलंका ने रखा है, जो सिंहली भाषा का एक शब्द है, जिसका मतलब गुस्सा या आवेश या क्रोध होता है।

वहीं उत्तर और मध्य भारत में लू और गर्मी का प्रकोप अभी जारी रहेगा। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र में हीटवेव की स्थिति रहेगी। बिहार और झारखंड में बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात असानी का कुछ प्रभाव रह सकता है और कुछ इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक 11 मई से मौसम करवट लेगा और उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में बूंदाबादी की संभावना बन सकती है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER