Election / 5 राज्यों का चुनाव शेड्यूल जारी , सभी राज्यों के नतीजे 2 मई को

Zoom News : Feb 26, 2021, 07:49 PM
पांच राज्यों में चुनावों की तारीखों का ऐलान शुक्रवार को हो गया। ये राज्य पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी हैं। चुनाव शेड्यूल के मुताबिक अरब सागर से गंगा सागर तक 62 दिन का चुनावी त्योहार चलेगा। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा 8 फेज में चुनाव होंगे। असम में 3 फेज में और बाकी तीनों राज्यों में सिंगल फेज में चुनाव होंगे। वोटिंग की शुरुआत पश्चिम बंगाल और असम से होगी। इन दोनों राज्यों में पहले फेज की वोटिंग 27 मार्च को होगी। पांचों राज्यों में वोटों की गिनती 2 मई को होगी।


सबसे पहले बात करते हैं बंगाल की, जिसकी इस बार सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, क्योंकि यहां तृणमूल का सीधा मुकाबला भाजपा से है। बंगाल में पहले फेज की अधिसूचना 2 मार्च को जारी होगी।


चुनाव आयोग ने इस बार वोटिंग का समय एक घंटा बढ़ाया

चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि 80 साल से ज्यादा उम्र के लोगों, विकलांग लोगों, जरूरी सेवाओं में लगे जिन लोगों की स्थानीय चुनाव अधिकारी पहचान करेंगे, वे पोस्ट बैलट से मतदान कर सकेंगे। सभी चुनाव अधिकारियों का कोरोना वैक्सीनेशन होगा। वोट डालने का समय 1 घंटा ज्यादा होगा। अरोड़ा के मुताबिक 5 राज्यों में 824 विधानसभा सीटें हैं। इनके लिए इस बार 18.68 करोड़ वोटर हैं और 2.7 लाख मतदान केंद्र होंगे।


चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले राज्यों ने दी सौगात

चुनाव की तारीखों के ऐलान से ठीक पहले पुडुचेरी में पेट्रोल-डीजल सस्ता कर दिया गया। उपराज्यपाल ने पेट्रोल-डीजल पर वैट 2% घटाने का ऐलान किया है। उधर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी डेली वेज वर्कर्स की मजदूरी में बढ़ोतरी कर दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि वेस्ट बंगाल अर्बन एम्प्लॉयमेंट स्कीम के तहत डेली वेज वर्कर्स की मजदूरी बढ़ा दी गई है।


बंगाल सरकार ने अनस्किल्ड लेबर के लिए इसे 144 से बढ़ाकर 202 रुपए किया है। सेमी स्किल्ड वर्कर को 172 के बजाय 303 रुपए मिलेंगे। स्किल्ड लेबर की नई कैटेगिरी बनाई गई है। उन्हें 404 रुपए मिलेंगे। कुल 56,500 वर्कर्स को इससे फायदा मिलेगा।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER