स्पोर्ट्स / अधिक बाउंड्री के आधार पर न्यूज़ीलैंड को हराकर इंग्लैंड ने पहली बार जीता विश्व कप

Cricket world cup : Jul 15, 2019, 09:47 AM
खेल डेस्क. इंग्लैंड पहली बार वर्ल्ड कप चैम्पियन बन गया। क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स के मैदान पर रविवार को खेले गए सबसे दिलचस्प फाइनल में इंग्लैंड विजेता बना। इसी के साथ श्रीलंका (1996) के 23 साल बाद क्रिकेट को नया चैम्पियन मिल गया। वर्ल्ड कप इतिहास में पहली बार फाइनल में सुपर ओवर खेला गया। यह भी पहली बार हुआ, जब मैच और सुपर ओवर, दोनों टाई हो गए। न्यूजीलैंड ने पहले 241 रन बनाए। इंग्लैंड की टीम 241 रन पर ही ऑलआउट हो गई। सुपर ओवर में इंग्लैंड ने 15 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने इस लक्ष्य की बराबरी तो कर ली, लेकिन जीत के लिए जरूरी एक रन बनाने से चूक गया। पूरे मैच में इंग्लैंड ने 26 और न्यूजीलैंड ने 17 बाउंड्री लगाईं। ज्यादा बाउंड्री लगाने की वजह से इंग्लैंड को विजेता घोषित किया गया।

इंग्लैंड वर्ल्ड कप जीतने वाला छठा देश बना। इससे पहले वेस्टइंडीज, भारत, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान और श्रीलंका खिताब जीता था। न्यूजीलैंड की टीम लगातार दूसरे फाइनल में हार गई। पिछली बार उसे ऑस्ट्रेलिया ने हराया था। इंग्लैंड का यह चौथा फाइनल है। इससे पहले वह 1992 में पाकिस्तान, 1987 में ऑस्ट्रेलिया और 1979 में वेस्टइंडीज के खिलाफ हार गया था।

इंग्लैंड की बैटिंग के दौरान 50वें ओवर का रोमांच

स्टोक्स 84 रन बनाकर नाबाद रहे

टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 241 रन बनाए। उसके लिए हेनरी निकोलस ने 55 और टॉम लाथम ने 47 रन की पारी खेली। इंग्लैंड के लिए लियम प्लंकेट और क्रिस वोक्स ने 3-3 विकेट लिए। निकोलस ने वर्ल्ड कप में अपना पहला और करियर का 9वां अर्धशतक लगाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 50 ओवर में 241 रन पर सिमट गई। स्टोक्स ने नाबाद 84 रन बनाए।

स्टोक्स-बटलर ने शतकीय साझेदारी की

स्टोक्स और जोस बटलर ने पांचवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। बटलर 59 रन बनाकर आउट हुए। जॉनी बेयरस्टो 36 रन बनाकर फर्गुसन की गेंद पर आउट हुए। कप्तान इयॉन मॉर्गन 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे। जेम्स नीशम की गेंद पर लॉकी फर्गुसन ने उनका कैच लिया। जेसन रॉय 17 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मैट हेनरी ने टॉम लाथम के हाथों कैच आउट कराया। जो रूट 7 रन बनाकर ग्रैंडहोम की गेंद पर आउट हो गए।

विलियम्सन ने निकोलस के साथ 74 रन की साझेदारी की

केन विलियम्सन 30 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें लियम प्लंकेट ने विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों कैच कराया। विलियम्सन ने निकोलस के साथ दूसरे विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी की। रॉस टेलर 15 रन बनाकर मार्क वुड की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। जेम्स नीशम 19 रन बनाकर प्लंकेट की गेंद पर जो रूट को कैच थमा बैठे। कॉलिन डी ग्रैंडहोम 16 रन बनाकर क्रिस वोक्स की गेंद पर आउट हुए।

गुप्टिल लगातार 9वीं पारी में अर्धशतक नहीं लगा सके

न्यूजीलैंड ने पहला विकेट मार्टिन गुप्टिल (19 रन) का खोया। उन्हें क्रिस वोक्स ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। गुप्टिल लगातार 9वीं पारी में अर्धशतक लगाने में नाकाम रहे। उन्होंने पिछला अर्धशतक श्रीलंका के खिलाफ इसी वर्ल्ड कप में लगाया था।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER