देश / 5 सालों में पहली बार गर्मी से बेहाल कर रहा मार्च, राहत के नहीं आसार

Zoom News : Mar 22, 2022, 07:11 AM
New Delhi : मार्च में ही गर्मी मई और जून का अहसास करा रही है। मार्च के दूसरे सप्ताह से ही राजधानी का अधिकतम पारा 35 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है। पिछले पांच वर्षों में मार्च इतना गर्म नहीं रहा। सोमवार को अधिकतम पारा 39 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से छह डिग्री अधिक रहा। पिछले दस वर्षों में ऐसा तीसरी बार हुआ है कि मार्च में इतनी गर्मी पड़ी है। मौसम विभाग की मानें तो इस साल गर्मी से राहत मिलने वाली नहीं है। अगले छह दिन तापमान 40 डिग्री के आसपास रहने की संभावना जतायी गयी है।

लखनऊ मौसम विभाग ने सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। दोनों तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस ज्यादा हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अमूमन इन दिनों में अधिकतम 33 और न्यूनतम तापमान 16-17 डिग्री सेल्सियस रहता था। पर इस बार गर्मी कुछ ज्यादा ही है।

न्यूनतम तापमान भी सामान्य से छह डिग्री अधिक

रात का तापमान भी निरंतर बढ़ रहा है। इस समय न्यूनतम तापमान सामान्यत: 16-17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है। सोमवार को यह सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक 22.1 रिकार्ड किया गया। पारा चढ़ने रात में भी लोगों के यहां एसी कूलर इस्तेमाल होने लगे हैं।

अब गर्मी और बढ़ेगी

मौसम विभाग लखनऊ के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि अमूमन मार्च में एक-दो पश्चिमी विक्षोभ तैयार हो जाते हैं। जिससे मौसम में बदलाव होता था। इससे तापमान भी कम रहता था। इस बार मार्च में एक भी पश्चिमी विक्षोभ तैयार नहीं हुआ और न ही अगले एक सप्ताह में संभावना है। ऐसे में गर्मी और बढ़ेगी।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले छह दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री पहुंच सकता है। पारा 2017 का रिकार्ड भी तोड़ सकता है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER