हैवानियत / बेटी को ढूंढ रही महिला से मदद के बहाने चार लोगों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, रातभर बेहोश पड़ी रही पीड़िता

Zoom News : Apr 16, 2022, 06:40 PM
पश्चिम दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में एक महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। नाबालिग बेटी को ढूंढने निकली महिला के साथ चार लोगों ने मदद के बहाने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।

36 वर्षीय पीड़िता को सुबह जब होश आया तो उसने पुलिस को कॉल की। छानबीन के बाद पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों की पहचान नवीन सिंह भंडारी (28), बिस्व मोहन आचार्य (26) और अक्षय तनेजा (30) के रूप में की है। पुलिस को इनके चौथे साथी की तलाश है। पुलिस ने नशीला पदार्थ पिलाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक मूलरूप से नेपाल की रहने वाली महिला अपने पति व बच्चों के साथ पंजाबी बाग इलाके में रहती है। महिला का पति प्राइवेट नौकरी करता है। गुरुवार रात को अचानक महिला की नाबालिग बेटी बिना कुछ बताए घर से निकल गई।

एक रेस्त्रां के बाहर मिले थे आरोपी

महिला बेटी को ढूंढने के लिए घर से निकली। इस दौरान महिला को एक रेस्त्रां के बाहर आरोपी लड़के मिले। उन्होंने महिला से देर रात घूमने का कारण पूछा। महिला ने बेटी के बारे में बताया तो आरोपी उसकी मदद की बात करने लगे। आरोपी महिला के साथ इधर-उधर लड़की की तलाश करते रहे। बाद में बहाने से महिला को मादीपुर के एक मकान में ले गए।

वहां कोल्डड्रिंक में कुछ नशीला पदार्थ पीड़िता को पिला दिया। इसके बाद महिला ने अपनी सुधबुध खो दी। आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी फरार हो गए। पीड़िता को जब होश आया तो उसने मादीपुर पुलिस चौकी को सूचना दी। पुलिस ने महिला का मेडिकल करवाया और मामला दर्ज कर लिया।

बाद में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। चौथे की तलाश की जा रही है। हालांकि वारदात में उसकी भूमिका होने की कम ही संभावना जताई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से भी पड़ताल कर रही है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER