गणतंत्र दिवस / राज्यपाल कलराज मिश्र ने SMS स्टेडियम में फहराया तिरंगा, सीएम हाउस में गहलोत ने किया झंडारोहण

Dainik Bhaskar : Jan 26, 2020, 01:29 PM
जयपुर | 71वां गणतंत्र दिवस प्रदेश की राजधानी जयपुर सहित प्रदेशभर में हर्षोल्लास से मनाया गया। सरकारी कार्यालयों, विभिन्न संस्थानों व स्कूल कॉलेजों में झंडारोहण के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य समारोह जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में हुआ जहां राज्यपाल कलराज मिश्र ने झंडारोहण किया।

राज्यपाल कलराज मिश्र ने राजभवन में भी ध्वजारोहण किया। इस मौके पर उन्होंने राजभवन के अधिकारियों-कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने आवास पर झंडारोहरण किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री व उनके परिवार के सदस्यों सहित सीएम हाउस का स्टाफ मौजूद रहा। कई लोग गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देने के लिए सीएम आवास पर पहुंचे। इसके अलावा अमर जवान ज्योति शहीद स्मारक पर मुख्यमंत्री गहलोत ने पुष्पचक्र अर्पित कर देश के अमर शहीदों को नमन किया।

वहीं प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में भी झंडारोहरण किया गया। सेवादल कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट को सलामी दी। सचिन पायलट ने झंडारोहरण किया। राष्ट्रगान के बाद सचिन पायलट ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए कार्यकर्ताओं को शपथ दिलाई।

इस मौके पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई मंत्री व विधायक मौजूद रहे। झंडारोहण के बाद सचिन पायलट ने कहा कि आज का दिन हमारे लिए बहुत खास है क्योंकि आज के दिन ही हमारे संविधान को अस्तित्व मिला और हमारा देश एक गौरवशाली गणतंत्र राष्ट्र बना।

बड़ी चौपड़ पर किया झंडारोहरण : शहर कांग्रेस की ओर से सुबह बड़ी चौपड़ पर झंडारोहरण किया गया। बड़ी चौपड़ पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने झंडारोहण किया।

पूनिया व कटारिया ने भी किया झंडारोहण

सुबह 8.30 बजे बड़ी चौपड़ पर शहर भाजपा की ओर से झंडारोहण किया गया। नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने झंडारोहरण किया। इसके बाद प्रदेश भाजपा मुख्यालय में भी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने झंडारोहण किया। वहीं शहर भर में कई स्थानों पर झंडारोहण के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER