Jharkhand Politics / हेमंत सोरेन लड़ेंगे चुनाव और कल्पना सोरेन बनेंगी सीएम? सीएम चंपई का बड़ा दावा

Zoom News : Apr 02, 2024, 10:15 PM
Jharkhand Politics: देश में इस वक्त लोकसभा चुनाव की लहर चल रही है। देश के तमाम राजनीतिक दल अपनी-अपनी जीत के लिए तैयारियों में जुटे हुए हैं। इस बीच झारखंड में भी लोकसभा की कुल 14 सीटों पर तैयारियां जारी हैं। अब यहां की राजनीति और दिलचस्प हो गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रमुख नेता और राज्य के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन इस वक्त जेल में हैं। हेमंत सोरेन ने गिरफ्तार होने से पहले चंपई सोरेन को झारखंड के नए सीएम के रूप में चुना था। अब चंपई सोरेन ने हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन को लेकर बड़ा खुलासा किया है।

हेमंत सोरेन लड़ेंगे लोकसभा चुनाव?

झारखंड की राजनीति में ये सवाल चर्चा का केंद्र बना हुआ है कि क्या पूर्व सीएम हेमंत सोरेन सोरेन आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में चुनाव लड़ेंगे? झारखंड के सीएम और झामुमो नेता चंपई सोरेन ने इस सवाल का जवाब दिया है। सीएम चंपई ने कहा है कि झामुमो इस बात पर फैसला लेगा कि क्या गिरफ्तार हेमंत सोरेन को दुमका लोकसभा सीट से भाजपा की सीता सोरेन के खिलाफ मैदान में उतारा जाए? आपको बता दें कि  दुमका लोकसभा सीट से भाजपा ने हेमंत की भाभी सीता सोरेन को टिकट दिया है। 

क्या कल्पना सोरेन बनेंगी सीएम?

झारखंड में बीते दिनों हुए सियासी उथल-पुथल के समय से ही हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन के मुख्यमंत्री बनने की चर्चा है। अब वर्तमान सीएम चंपई सोरेन ने इस पर भी जवाब दिया है। उन्होंने कहा है कि गांडेय विधानसभा सीट से हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना की उम्मीदवारी के बारे में झामुमो पार्टी एक सप्ताह में निर्णय लेगी। चंपई ने कहा कि अगर कल्पना विधानसभा चुनाव लड़ती हैं और जीतती हैं, तो झामुमो तय करेगा कि क्या वह मुख्यमंत्री बनेंगी। 

झारखंड में कब होंगे चुनाव?

लोकसभा चुनाव 2024 का आयोजन कुल 7 चरणों में किया जाएगी। चुनाव की शुरुआत 19 अप्रैल से होगी। झारखंड में 14 सीटों के लिए 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को चौथे, पांचवें, छठे और सातवें चरण में चुनाव होंगे। वहीं, निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव का परिणाम 4 जून को जारी किया जाएगा। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER