मौसम / हिमाचल प्रदेश में बारिश व बर्फबारी की वजह से प्रदेश में बढ़ी शीत लहर

Dainik Bhaskar : Dec 12, 2019, 02:37 PM
कुल्लू/शिमला/धर्मशाला. हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर आज सुबह से ही बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। बर्फबारी के कारण लोगों और पर्यटकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आज सुबह से ही जनजातीय जिला लाहौल स्पीति, कुल्लू, जिला शिमला के कुफरी,नारकंडा,खड़ापत्थर बागी मंढोल, खदराला, चांशल, चूड़धार के साथ किन्नौर जिला के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हो रही है। उधर कांगडा जिला की धौलाधार की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का दौर जारी है। बारिश व बर्फबारी के कारण प्रदेश में शीत लहर बढ़ गई है। लोग अपने घरों में दुबक कर बैठ गए हैं।

ताजा बर्फबारी से जहां हाल ही में बीआरओ द्वारा बहाल किया गया रोहतांग दर्रा मार्ग यातायात के साथ पैदल आवाजाही के लिए पूरी तरह बंद हो गया है। तो वहीं आट-लुहरी एनएच 305 भी यातायात के लिए बंद हो गया है। जोड़ी पास में आधा फुट से अधिक बर्फबारी होने की जानकारी है। जिसे यह मार्ग यातायात के लिए पूरी तरह बंद हो गया है।  इससे जिला मुख्यालय कुल्लू से आनी और निरमंड की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही पर रोक लग गई है। रोहतांग दर्रा में 1 फुट से अधिक ताजा बर्फबारी होने की जानकारी है जबकि लाहौल स्पीति में भी बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। इधर मढ़ी, गुलाबा, कोठी, पलचान और सोलंग नाला में भी ताजा बर्फबारी हुई है।

अप्पर शिमला में ताजा हिमपात से सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है और यात्रा करना जोखिम भरा हो गया है। एचआरटीसी की एक बस आज सुबह नारकंडा के पास बर्फ से फिसलकर खाई में लुढ़कने से बाल-बाल बच गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक धर्मशाला डिपू की बस धर्मशाला से रामपुर के ज्यूरी की तरफ जा रही थी। बस नारकंडा से एक किलोमीटर दूर बस बर्फ से फिसलकर सड़क से बाहर हुई और पैराफिट से टकरा गई। बस में सफर कर रहेे सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

हिमाचल में एक्टिव हुआ वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, मंडी, चंबा समेत 7 जिलों के लिए चेतावनी जारी: माैसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षाेभ के दस्तक देने के कारण दर्ज किया है। यह प्रदेश में 16 दिसंबर तक अपना असर दिखाएगा। आज और कल पश्चिमी विक्षाेभ प्रदेश में काफी सक्रिय है। इस बीच प्रदेश के सात जिलाें में भारी बारिश ओर बर्फबारी हाेगी। इसे लेकर माैसम विभाग ने चेतावनी जारी कर दी है। ये चेतावनी शिमला, कुल्लू, मंडी, किन्नाैर, लाहाैल स्पीति, चंबा और सिरमाैर जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्राें के लिए जारी की गई है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण बुधवार काे शिमला सहित प्रदेश भर में माैसम खराब बना रहा। आसमान पर बादल छाए रहने के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शिमला का अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से 13 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।

अन्य क्षेत्राें के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। सुंदरनगर का तापमान 19.5, भूंतर का 18.8, कल्पा का 10.4, धर्मशाला का 14, कुफरी का 6.3, साेलन का 19 और मनाली का अधिकतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। प्रदेश के दस क्षेत्राें का तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से कम और जमाव बिंदु से नीचे चला गया है। बारिश बर्फबारी के कारण प्रदेश के तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी।


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER