Holi 2021 / होली पर कैसा रहेगा मौसम? IMD ने जारी की भविष्यवाणी - जानिए..

Zoom News : Mar 27, 2021, 09:49 AM
नई दिल्ली | दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में मौसम को लेकर उतार-चढ़ाव जारी है। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से बड़ी खबर आ रही है कि देश की राजधानी दिल्ली में इस बार की होली पिछले एक दशक में सबसे अधिक गर्म हो सकती है। इन दिन अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। इससे पहले वर्ष 2011 में होली पर अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, शनिवार को आसमान साफ रहने के साथ अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

स्काईमेट वेदर के अनुसार होली के आसपास दिल्ली-एनसीआर में बारिश की कोई संभावना नहीं बन रही है। वर्ष 2010 में होली फरवरी में थी। वहीं, 2000 के बाद तीसरी बार होली 25 मार्च के बाद पड़ रही है। अमूमन इन दिनों मौसम अधिक गर्म माना जाता है। इससे पहले वर्ष 2005 में 25 मार्च को होली का पर्व था। 2013 में 27 मार्च को होली मनाई गई थी।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 32 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 36 से 81 फीसद दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली का स्पो‌र्ट्स कांप्लेक्स 33.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा।

मध्यम श्रेणी में बनी रही दिल्ली-एनसीआर की हवा

दिल्ली के बदलते मौसम का असर वायु गुणवत्ता पर भी पड़ रहा है। इसी का असर है कि दिल्ली-एनसीआर की हवा शुक्रवार को भी मध्यम श्रेणी में बनी रही। अभी अगले दो दिनों तक हवा का स्तर इसी श्रेणी में बना रहेगा। इसके बाद इसमें बदलाव होने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर क्वालिटी इंडेक्स के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 150 दर्ज किया गया। सफर के अनुसार इन दिनों हवा दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर बनी हुई है। इसीलिए वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है। आगामी दो दिनों तक यही स्थिति रहेगी। पिछले 24 घंटों में हवा में पीएम 10 का स्तर 142 व पीएम 2.5 का स्तर 53 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर दर्ज किया गया

दिल्ली-एनसीआर के आंकड़े

दिल्ली-150

फरीदाबाद-135

गाजियाबाद-143

ग्रेटर नोएडा-158

गुरुग्राम-146

नोएडा-135

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER