Madhya Pradesh / जोमेटो के महाकाल थाली पर बवाल, कंपनी और ऋतिक से माफी की मांग

Zoom News : Aug 20, 2022, 06:15 PM
Madhya Pradesh | जोमैटो कंपनी द्वारा ऑनलाइन फूड डिलीवरी के एड को महाकाल मंदिर के भोजन थाली से जोड़ने पर बवाल हो गया है। ऋतिक रोशन एक्टर द्वारा किया गया है कंपनी का ये एड, इसमें एक्टर ऋतिक रोशन कह रहे हैं "थाली का मन किया उज्जैन में हैं, तो महाकाल से मंगा लिया"। इस पर महाकाल मंदिर के पुजारियों ने विरोध दर्ज कराया है। पुजारियों का कहना है, महाकाल मंदिर से इस तरह की कोई थाली दुनिया के किसी भी कोने में तो क्या, उज्जैन में भी डिलीवरी नहीं की जाती है। जोमैटो और ऋतिक रोशन को माफी मांगना चाहिए।

महाकाल मंदिर के पुजारी महेश शर्मा  ने कहा, कि ऐसे एड जारी करने से पहले कंपनी को सोचना चाहिए। हिंदू समाज सहिष्णु है। वो कभी उग्र नहीं होता। अगर कोई दूसरा समाज होता तो ऐसी कंपनी में आग लगा देता। कंपनी हमारी भावनाओं के साथ ऐसा खिलवाड़ न करें। कंपनी ने ये भ्रामक प्रचार किया है इसे तुरंत बंद चाहिए महाकाल मंदिर अन्न क्षेत्र में भक्तों को भोजन थाली में दिया जाता है, लेकिन थाली का भोजन डिलीवर करने का कोई प्रावधान नहीं है। जो कंपनी नॉनवेज खाना भी डिलीवर कर रही हो, उसे तुरंत महाकाल के नाम की थाली का भ्रामक विज्ञापन बंद कर देना चाहिए। कंपनी ने हिंदुओं भावना को ठेस पहुंचाई है। हम इसका घोर विरोध करते हैं। कंपनी ने माफी नहीं मांगी तो हम कोर्ट जाएंगे।

कलेक्टर बोले, कार्रवाई करेंगे

कलेक्टर और महाकाल मंदिर समिति के अध्यक्ष आशीष सिंह ने विज्ञापन को तथ्यहीन और भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि महाकाल मंदिर में सिर्फ अन्न क्षेत्र में प्रसाद ग्रहण किया जा सकता है। यहां से कहीं भी थाली नहीं भेजी जाती है। भ्रामक विज्ञापन को बंद कराने  के लिए कार्रवाई करेंगे। मंदिर समिति की ओर से भोजन व्यवस्था फ्री रहती है। श्रद्धालु सुबह 11 से 2 बजे तक और शाम 5 से रात 8 बजे तक अन्न क्षेत्र में बैठकर भोजन प्रसाद ग्रहण कर सकते हैं।

5 महीने पहले कंपनी तब विवादों में आई थी, जब 10 मिनट में खाना पहुंचाने का दावा किया गया था। कंपनी के फाउंडर दीपिंदर गोयल ने एक ब्लॉग के जरिए इस बात की जानकारी दी थी। लोकसभा सदस्य कार्ति चिदंबरम ने कहा था कि यह बिल्कुल बेतुकी सर्विस है। इससे डिलीवरी करने वालों पर बेकार का दबाव बढ़ेगा। कई लोगों ने डिलीवरी बॉय की सेफ्टी पर सवाल उठाए थे। हालांकि, गोयल ने सोशल मीडिया पर ये भी बताया था कि उनकी 10 मिनट डिलीवरी सर्विस 30 मिनट डिलीवरी सर्विस की तरह सेफ रहेगी। सभी डिलीवरी बॉय को रोड सेफ्टी को लेकर ट्रेनिंग दी जाएगी। उन्हें लाइफ इंश्योरेंस भी दिया जाएगा।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER