मुंबई / ‘गुप्त खज़ाना’ पाने के लिए ससुराल वालों ने महिला को 50 दिन तक नाम मात्र को खाना दिया

Zoom News : Jul 11, 2019, 11:29 AM
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में स्वयंभू बाबा की सलाह पर छुपा हुआ खज़ाना ढूढ़ने के लिए एक पति ने अपनी पत्नी को करीब 50 दिन तक कथित रूप से बहुत कम मात्रा में खाना दिया।

शेगांव थाने के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि महिला ने अगस्त 2018 में शादी की थी। एक स्वयंभू बाबा ने महिला के पति और ससुराल वालों से कहा कि अगर वह भूखा रहे और कुछ अनुष्ठान करे तो उन्हें ‘गुप्त खज़ाना’ मिल सकता है।

उन्होंने बताया कि शादी के पहले दिन से ही महिला को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और उसे एक कछुए सहित विभिन्न चीजों को लेकर अनुष्ठान और अन्य चीज़े करने के लिए मजबूर किया गया।

अधिकारी ने बताया कि उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया तथा 50 दिनों तक बहुत थोड़ी मात्रा में खाना दिया गया।

उन्होंने बताया कि उस दौरान वह महिला से रोज़ाना तड़के पौने तीन बजे पूजा कराते थे और इस दौरान कोई गलती करने पर उसे पीटते थे।

अधिकारी ने बताया कि उसके पिता को संदेह हुआ तो वह उसके घर गए और वह उसकी दयनीय हालत देखकर स्तब्ध रह गए। इसके बाद वह महिला को अपने साथ घर ले गए जहां उसने अपनी आप बीती सुनाई।

घटना की जानकारी मिलने पर महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति ने पुलिस से संपर्क किया और महिला के पति, ससुराल वालों और अन्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

इसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया और महिला के पति और स्वयं भू बाबा को गिरफ्तार कर लिया।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER