IND vs ENG / भारत ने 5 विकेट से जीता रांची टेस्ट- सीरीज पर किया कब्जा, रोहित-गिल का आया अर्धशतक

Zoom News : Feb 26, 2024, 01:49 PM
IND vs ENG: टीम इंडिया ने रांची टेस्ट में इंग्लैंड को 5 विकेट से हरा दिया। सोमवार को चौथे दिन टीम ने 192 रन के टारगेट को 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया सीरीज में 3-1 से आगे है, यानी पांच मैचों की सीरीज भी अपने नाम कर ली है। ध्रुव जुरेल ने टॉम हार्टले की बॉल पर दो रन लेकर टीम इंडिया को जीत दिला दी। भारत की तरफ से कप्तान रोहित शर्मा (55) और शुभमन गिल (52) ने दूसरे इनिंग में अर्धशतक लगाया। टीम इंडिया ने 40/0 के स्कोर से चौथे दिन अपनी दूसरी इनिंग आगे बढ़ाई।

इंग्लिश टीम तीसरे दिन के तीसरे सेशन में दूसरी पारी में 145 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड की पहली पारी के 46 रन की लीड के आधार पर भारत को 192 रन का टारगेट मिला। इससे पहले, इंग्लैंड टीम पहली पारी में 353 और भारतीय टीम 307 रन पर ऑलआउट हुई।

शुभमन का अर्धशतक

शुभमन गिल ने टेस्ट करियर का छठा अर्धशतक लगाया। उन्होंने शोएब बशीर की गेंद पर छक्के के साथ अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने ध्रुव जुरेल के साथ 50 से ज्यादा रन की साझेदारी भी की।

भारत की आधी टीम पवेलियन लौटी

लंच के बाद भारत को लगातार दो गेंद पर दो झटके लगे। शोएब बशीर ने भारत की दूसरी पारी के 39वें ओवर की पहली गेंद पर रवींद्र जडेजा को बेयरस्टो के हाथों कैच कराया। फिर अगली ही गेंद पर सरफराज खान को ओली पोप के हाथों कैच कराया। जडेजा चार रन बनाकर आउट हुए। वहीं, सरफराज खाता भी नहीं खोल सके।

रजत पाटीदार फिर फेल

100 के स्कोर पर भारत को तीसरा झटका लगा। रजत पाटीदार खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। उन्हें शोएब बशीर ने ओली पोप के हाथों कैच कराया। रजत इस पूरी सीरीज में फेल रहे हैं। टीम में उनकी जगह पर खतरा मंडराने लगा है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER