ईरान ने पहाड़ के अंदर बनाई मिसाइल सिटी, अमेरिका और इजराइल को दी कड़ी चेतावनी

ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने पहाड़ के अंदर बनी एक नई भूमिगत मिसाइल सिटी का वीडियो जारी किया है। इस कदम के जरिए ईरान ने अमेरिका और इजराइल को चेतावनी दी है कि किसी भी हमले की स्थिति में जवाबी कार्रवाई क्षेत्र के बाहर तक होगी।

ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने अपनी सैन्य ताकत का एक नया और आक्रामक प्रदर्शन किया है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने मंगलवार को एक नई भूमिगत मिसाइल सिटी का खुलासा किया है, जो पूरी तरह से पहाड़ के अंदर बनाई गई है। इस मिसाइल सुविधा का एक विस्तृत वीडियो भी जारी किया गया है, जिसमें ईरान के शीर्ष सैन्य कमांडर परिसर के भीतर घूमते हुए और उसकी तैयारियों का बारीकी से जायजा लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस खुलासे के साथ ही ईरान ने दुनिया को यह स्पष्ट संकेत दिया है कि वह किसी भी संभावित सैन्य टकराव के लिए अपनी तैयारियों को लगातार मजबूत कर रहा है।

सैन्य कमांडरों ने किया निरीक्षण

ईरान के सरकारी मीडिया द्वारा जारी फुटेज में देश के सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ स्टाफ अली अब्दुल्लाही और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की एयरोस्पेस फोर्स के कमांडर माजिद मौसावी इस भूमिगत परिसर का निरीक्षण करते हुए नजर आए और हालांकि, ईरान ने इस मिसाइल सिटी की सटीक लोकेशन का खुलासा नहीं किया है और न ही यह जानकारी दी है कि सैन्य अधिकारियों का यह दौरा वास्तव में कब हुआ था।

मिडिल ईस्ट के बाहर तक जवाबी हमले की धमकी

नई मिसाइल सिटी के अनावरण के साथ ही ईरान ने अपने दुश्मनों को सीधी और सख्त चेतावनी दी है। सैन्य परिसर के दौरे के दौरान चीफ ऑफ स्टाफ अली अब्दुल्लाही ने कहा कि अगर ईरान पर दोबारा हमला किया गया, तो उसकी जवाबी कार्रवाई सिर्फ मिडिल ईस्ट तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इस क्षेत्र के बाहर तक फैल सकती है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर दुश्मन हमारे खिलाफ कोई और कदम उठाता है, तो हमारी जवाबी कार्रवाई इस क्षेत्र के बाहर तक फैल जाएगी। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका और इजराइल के साथ ईरान का सैन्य तनाव बढ़ने की आशंका लगातार बनी हुई है।

हवाई हमलों से सुरक्षा के लिए भूमिगत नेटवर्क

इससे पहले शनिवार को रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के प्रवक्ता हुसैन मोहेब्बी ने नई भूमिगत मिसाइल सुविधा के अनावरण का ऐलान किया था और उन्होंने बताया था कि हवाई हमलों से मिसाइलों और सैन्य उत्पादन को बचाने के लिए गार्ड्स ने अपनी मिसाइल उत्पादन क्षमता के कुछ हिस्सों को जमीन के नीचे शिफ्ट कर दिया है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी थी कि अमेरिका और इजराइल के साथ संघर्ष बढ़ने पर ईरान ऐसे हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है, जिनके बारे में दुनिया को अब तक जानकारी नहीं है।

मिसाइल सिटी नेटवर्क का महत्व

ईरान ने पिछले कई वर्षों में अपने मिसाइल भंडारण और लॉन्चिंग सिस्टम को सुरक्षित रखने के लिए पहाड़ों के नीचे विशाल भूमिगत सैन्य ठिकाने तैयार किए हैं। ईरान इन्हें मिसाइल सिटी कहता है और इनका मुख्य मकसद दुश्मन के हवाई हमलों से मिसाइलों को बचाना और युद्ध के दौरान भी सैन्य ऑपरेशन जारी रखने की क्षमता बनाए रखना है। इन ठिकानों में मिसाइलों के भंडारण के साथ लॉन्चिंग और सैन्य गतिविधियों से जुड़ी सुविधाएं भी मौजूद हैं। पहाड़ों के भीतर बने इन ठिकानों तक पहुंचना और उन्हें हवाई हमलों से पूरी तरह तबाह करना दुश्मन के लिए एक बड़ी चुनौती माना जाता है।

इजराइली हमलों के बाद फिर से मजबूती

हालांकि, ईरान का यह भूमिगत नेटवर्क इजराइल के निशाने पर भी रहा है। पिछले साल हुए सैन्य संघर्ष के दौरान इजराइल ने ईरान के मिसाइल लॉन्चरों, भंडारण केंद्रों और उनसे जुड़े बुनियादी ढांचे पर हमले किए थे। इन हमलों का मकसद ईरान की जवाबी मिसाइल कार्रवाई करने की क्षमता को कमजोर करना था। ईरान अब अपने क्षतिग्रस्त सैन्य ठिकानों को दोबारा तैयार करने में जुटा है और फरवरी में रॉयटर्स की ओर से देखी गई सैटेलाइट तस्वीरों में सामने आया था कि ईरान पिछले संघर्ष के दौरान नुकसान झेलने वाले मिसाइल ठिकानों की मरम्मत कर रहा है। इसके साथ ही ईरान अपनी संवेदनशील सैन्य और परमाणु सुविधाओं को और मजबूत करने के साथ उन्हें छिपाने की कोशिश भी कर रहा है। ऐसे में नई भूमिगत मिसाइल सिटी का वीडियो जारी करना सिर्फ एक सैन्य सुविधा का खुलासा नहीं, बल्कि अमेरिका और इजराइल को अपनी सैन्य क्षमता दिखाने का संदेश भी माना जा रहा है।