देश / कोलकाता की 118 साल पुरानी मसाला कंपनी को ₹2 हजार करोड़ में खरीदेगी ITC

विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करने वाली कंपनी आईटीसी लिमिटेड ने कहा कि वह मसाले बनाने वाली कंपनी सनराइज फूड्स प्राइवेट लिमिटेड का अधिग्रहण करेगी। हालांकि कंपनी ने सौदे के मूल्य का खुलासा नहीं किया है, लेकिन सूत्रों ने कहा कि यह 1,800 करोड़ रुपये से 2,000 करोड़ रुपये के आसपास का हो सकता है।

नई दिल्ली। विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करने वाली कंपनी आईटीसी लिमिटेड (ITC Limited) ने कहा कि वह मसाले बनाने वाली कंपनी सनराइज फूड्स प्राइवेट लिमिटेड (SFPL) का अधिग्रहण करेगी। हालांकि कंपनी ने सौदे के मूल्य का खुलासा नहीं किया है, लेकिन सूत्रों ने कहा कि यह 1,800 करोड़ रुपये से 2,000 करोड़ रुपये के आसपास का हो सकता है। कंपनी ने कहा कि उसने एसएफपीएल के साथ एक शेयर खरीद समझौते (SPA) पर हस्ताक्षर किया है। इससे उसके उत्पादों का पोर्टफोलियो बढ़ेगा और मसालों के कारेाबार में उसकी स्थिति मजबूत होगी।

सनराइज के पास 70 सालों से अधिक की विरासत

आईटीसी ने एक बयान में कहा, सनराइज के पास 70 सालों से अधिक की विरासत है और वह मसालों की श्रेणी में तेजी से वृद्धि करने वाला ब्रांड है। सनराइज पूर्वी भारत में बाजार में स्पष्ट तौर पर अग्रणी है। कंपनी ने कहा कि ब्रांड ने क्षेत्रीय स्वाद और तरजीह के आधार पर अपने उत्पादों का पोर्टफोलियो तैयार किया है। इसके दम पर उसने कई सालों के दौरान प्रतिबद्ध ग्राहक बनाये हैं।


आईटीसी ने कहा, प्रस्तावित अधिग्रहण आईटीसी के एफएमसीजी कारोबार को मुनाफे के साथ तेजी से बढ़ाने की रणनीति के अनुकूल है। उद्योग जगत के सूत्रों के अनुसार, इस सौदे में जेएम फाइनेंशियल सनराइज की सलाहकार रही है जबकि लॉ फर्म सिरिल अमरचंद मंगलदास आईटीसी की लीगल एडवाइजर रही। आईटीसी के 'Aashirvaad' रेंज के मसाले तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में मार्केट लीडर है। कंपनी भारत के प्रमुख उत्पादकों और उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य सुरक्षित मसालों के निर्यातकों में से एक है।


1902 में हुई सनराइज फूड्स की शुरुआत

शर्मा परिवार के प्रचारित सनराइज फूड्स को एवरेस्ट मसाला और एमडीएच मसाला जैसे ब्रांडों को प्रतिद्वंद्वियों के रूप में गिना जाता है। कंपनी कई उत्पादों जैसे होल स्पाइस बेसिक ग्राउंड स्पाइस ब्लेंडेड या मिक्स स्पाइस, इंस्टैंट मिक्स, मिश्रित कफ, सरसों का तेल और पापड़म बनाती है।

1902 में स्थापित कंपनी के चार कारखाने बीकानेर, जयपुर, आगरा और कोलकाता में हैं और यह नौ राज्यों में मौजूद है। कंपनी का बिजनेस बांग्लादेश और नेपाल में भी है। वित्त वर्ष 19 में बिक्री लगभग 1,000 करोड़ रुपये होने का अनुमान है।

आईटीसी ने कमाया इतना मुनाफा

वित्त वर्ष 2019 में आईटीसी का नेट रेवेन्यू 44,415 करोड़ रुपये और प्रॉफिट 12,464 करोड़ रुपये रहा। एफएमसीजी और इससे संबंधित बिजनेस से रेवेन्यू 12,505।28 करोड़ रुपये रहा। अपने FMCG सेगमेंट के तहत, ITC Sunfeast बिस्कुट, Yippee नूडल्स, B नेचुरल जूस, Vivel साबुन और बिंगो चिप्स (Bingo chips) जैसे पैकेज्ड फूड, पर्सनल केयर और स्टेशनरी हाउसिंग ब्रांड बेचता है।