विश्व / लोगों को प्लेन उड़ाने के बारे में जानकारी मिल सके, होटल ने कमरे में ही कॉकपिट बनाया

टोक्यो के हनेदा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर स्थित हनेदा एक्सेल होटल के एक कमरे में ही कॉकपिट बनाया गया है। इसका मकसद लोगों को विमान उड़ाने की जानकारी देना है। होटल के कमरे में बनाए गए इस कॉकपिट में 90 मिनट का फ्लाइंग सेशन होगा। कमरे को सुपर कॉकपिट रूम नाम दिया गया है। इसमें बुकिंग 18 जुलाई से शुरू होगी। होटल के रूम में बने कॉकपिट में व्यक्ति को बोइंग 737-800 विमान उड़ाने जैसा अनुभव होगा।

टोक्यो. विमान में लाखों लोगों ने सफर किया होगा, लेकिन प्लेन उड़ाने के बारे में शायद ही किसी सामान्य आदमी को जानकारी हो। टोक्यो के हनेदा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर स्थित हनेदा एक्सेल होटल के एक कमरे में ही कॉकपिट बनाया गया है। इसका मकसद लोगों को विमान उड़ाने की जानकारी देना है। होटल के कमरे में बनाए गए इस कॉकपिट में 90 मिनट का फ्लाइंग सेशन होगा। कमरे को सुपर कॉकपिट रूम नाम दिया गया है। इसमें बुकिंग 18 जुलाई से शुरू होगी।

बोइंग उड़ाने जैसा अनुभव होगा

होटल के रूम में बने कॉकपिट में व्यक्ति को बोइंग 737-800 विमान उड़ाने जैसा अनुभव होगा। व्यक्ति को इसमें मदद के लिए बाकायदा एक इंस्ट्रक्टर दिया जाएगा। लोगों से कहा जाएगा कि उनका विमान हनेदा से ओसाका के इतामी एयरपोर्ट जाएगा।

कॉकपिट को इस्तेमाल करने का किराया 30 हजार येन (करीब 19 हजार रुपए) होगा, जबकि पूरा कमरा बुक करने पर 25 हजार 400 येन (करीब 16 हजार रुपए) अतिरिक्त चुकाने होंगे। मेहमानों को खुद से सिमुलेटर चलाने की अनुमति नहीं होगी।

होटल की पब्लिक रिलेशन मैनेजर अकी हगीवारा के मुताबिक- कॉकपिट को बनाने में एक करोड़ येन (करीब 63 लाख रु.) का खर्च आया। लोग हमसे लगातार इसके बारे में पूछ रहे हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि लोगों में यहां बैठने को लेकर कितनी उत्सुकता है। कॉकपिट बनाने का आइडिया होटल के जनरल मैनेजर का है।