MP Congress / कमलनाथ को हटाकर जीतू पटवारी बने MP कांग्रेस अध्यक्ष- ये बने नेता प्रतिपक्ष व उप नेता प्रतिपक्ष

Vikrant Shekhawat : Dec 16, 2023, 08:30 PM
MP Congress: मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव में हार के बाद प्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़ा बदलाव किया गया है। कमलनाथ की जगह जीतू पटवारी को प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं चौथी बार के विधायक उमंग सिंघार को नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि भिंड के अटेर से विधायक हेमंत कटारे उप नेता प्रतिपक्ष बनाए गए हैं। उन्होंने इस चुनाव में शिवराज सरकार में मंत्री रहे अरविंद भदौरिया को हराया था।

कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं पटवारी

नवंबर 1973 में जन्मे जीतू पटवारी पहली बार 2013 में राऊ विधानसभा से विधायक बने थे। वह प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष के साथ-साथ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट भी रह चुके हैं। इससे पहले वह मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष थे। उन्होंने 2018 में राऊ से दूसरी बार चुनाव जीता, लेकिन तीसरी बार 2023 के विधानसभा चुनाव में पटवारी को हार का सामना करना पड़ा है। वह प्रदेश में 2018 में कांग्रेस की सरकार बनने पर उच्च शिक्षा, युवा और खेल मामलों के कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं।

चौथी बार के विधायक हैं उमंग सिंघार

उमंग सिंघार (48 वर्ष) धार जिले के गंधवानी से चार बार जीतकर विधानसभा पहुंचे। दो बार लोकसभा प्रत्याशी रहे। कमलनाथ सरकार में मंत्री रहे। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव भी रहे। झारखंड- गुजरात चुनाव में सह प्रभारी भी रहे।

नई नियुक्तियों में जातियों का रखा खयाल

जीतू पटवारी इंदौर के राउ से विधायक थे। जो इस बार चुनाव हार गए। पटवारी ओबीसी वर्ग से आते हैं। जबकि उमंग सिंघार धार जिले की गंधवानी सीट से विधायक हैं। वे आदिवासी वर्ग से आते हैं। उमंग सिंघार भूतपूर्व उप मुख्यमंत्री रहीं जमुना देवी के भतीजे हैं। हेमंत कटारे भिंड जिले के अटेर विधानसभा सीट से विधायक हैं। वे ब्राह्मण वर्ग से आते हैं। उनके दिवंगत पिता सत्यदेव कटारे भी नेता प्रतिपक्ष रह चुके हैं।

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का क्या परिणाम रहा?

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 163 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। वहीं कांग्रेस को केवल 66 सीटें ही मिलीं।इसके बाद बीजेपी ने मोहन यादव को मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया। इसके अलावा बीजेपी ने जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला को डिप्टी सीएम बनाया। 

प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने यादव, देवड़ा एवं शुक्ला को भोपाल के मोती लाल नेहरू स्टेडियम में दिन में साढ़े 11 बजे आयोजित समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा एवं अन्य नेता मौजूद रहे। सीएम पद की शपथ लेने के साथ ही मोहन यादव ने अपने नाम एक खास उपलब्धि जोड़ ली।

मोहन यादव शपथ लेने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी से संबंध रखने वाले 50वें मुख्यमंत्री बन गए। इससे पहले त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा बीजेपी की तरफ से 49वें मुख्यमंत्री बने थे। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से पहले मुख्यमंत्री के रूप में राजस्थान के कद्दावर नेता भैरों सिंह शेखावत का नाम दर्ज है। उन्होंने 4 मार्च 1990 को राजस्थान के मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली थी। उनके बाद दूसरे नंबर पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री शांता कुमार, तीसरे नंबर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा, चौथे नंबर पर यूपी के सीएम कल्याण सिंह और पांचवें नंबर पर दिल्ली के सीएम मदन लाल खुराना का नाम आता है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER