BJP Rajasthan / मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन का पावन अवसर हम सभी राम भक्तों के लिए गौरव का क्षण है- डाॅ. सतीश पूनियां

Zoom News : Aug 05, 2020, 09:12 PM

जयपुर | अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के भव्य मन्दिर निर्माण के भूमिपूजन का शुभारम्भ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा करने के उपलक्ष्य में भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनियां, प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने भगवान श्रीराम के चित्र पर दीप प्रज्जवलन किया। इस दौरान भजन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें भगवान श्रीराम, माता जानकी को लेकर भजनों की प्रस्तुति की गई। प्रधानमंत्री मोदी जी द्वारा अयोध्या में किये गये श्रीराम मन्दिर निर्माण के भूमि पूजन कार्यक्रम को भाजपा प्रदेश कार्यालय में बड़ी स्क्रीन पर वर्चुअल माध्यम से जुड़कर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने देखा।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनियां ने कहा कि ‘‘रामराज बैठे त्रिलोका, हर्षित भये गए सब सोका’’ आज अद्भुत एवं अलौकिक घड़ी में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के भव्य मन्दिर के निर्माण का शुभारम्भ माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के कर कमलों द्वारा हुआ। यह ऐतिहासिक एवं पावन अवसर हम सभी राम भक्तों के लिए गौरव का क्षण है। 


उन्होंने कहा कि आज केवल भारत की नहीं, अपितु सम्पूर्ण विश्व के इतिहास में एक बड़ी एवं ऐतिहासिक घटना है, इतिहास रचने की इस अद्भुत एवं अलौकिक घड़ी में करोड़ों रामभक्तों की सत्यता के प्रतीक मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कर कमलों द्वारा हुआ। उन्होंने कहा कि लगभग 500 वर्षों का संघर्ष, लाखों लोगों की आहुतियाँ एवं उन आहूतियाँ पर खड़ा हुआ भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर निश्चित रूप से भारत को विश्व शक्ति बनने की दिशा में अहम कदम साबित होगा। 

डाॅ. पूनियां ने कहा कि आज (5 अगस्त) जहां भगवान श्रीराम के नारे की गूंज पूरी दुनिया में है, मैं उन सौभाग्यशाली लोगों में से हूं, जिस पीढ़ी ने आजादी का आंदोलन तो नहीं देखा, लेकिन आपातकाल के बाद में प्रभु श्रीराम के मंदिर के निर्माण का एक बड़ा संघर्षपूर्ण आंदोलन देखा एवं मुझे दोनों बार की कार सेवा का अवसर मिला, जिसमें मेरे साथी शहीद हुए, लेकिन मेरे लिए उस दुख के साथ यह एक गौरवशाली एवं लाखों लोगों की अभिलाषा पूरी करने वाला क्षण है। 


डाॅ. पूनियां ने कहा कि श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए मोदी और योगी की जोड़ी ने न्यायालय के निर्णय को शिरोधार्य रखते हुए जिस तरीके का पराक्रम एवं परिश्रम किया है, वह वास्तव में अभिनंदनीय है। आज भगवान श्रीराम के उस भव्य मंदिर के शिलान्यास का पूरा विश्व साक्षी रहा। इस ऐतिहासिक एवं पावन अवसर पर सभी राम भक्तों को शुभकामनाएं, राम हम सबमें हैं, राम कण-कण में हैं।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डाॅ. सतीश पूनियां ने कहा कि भगवान श्रीराम के पवित्र स्थलों पर प्रहार हुआ, इतिहास में उनके बारे में विकृत लिखा गया और कहा गया और 500 वर्षों का यह संघर्ष कोई कम नहीं था। उन्होंने कहा कि सन् 1528 में मीर बाकी ने अयोध्या में भगवान श्रीराम के मन्दिर को ध्वस्त करके कथित रूप से वहाँ मस्जिद का निर्माण किया। 


पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए डाॅ. पूनियां ने कहा कि आजादी आंदोलन के बाद आपातकाल का आंदोलन, उसके बाद श्रीराम जन्मभूमि का आंदोलन ये तीसरा बड़ा आंदोलन था। मैं गौरवान्वित हूँ, मेरी पीढ़ी गौरवान्वित है और आप सब ने देखा होगा कि अयोध्या में आज के कार्यक्रम में उद्घोषकों ने कहा और श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के प्रणेता रहे महंत नृत्यगोपालदास जी ने कहा कि मोदी और योगी के राज में संक्रांति के महानायक के नेतृत्व में यह सब सम्पन्न हुआ। उन्होंने कहा कि इसलिए प्रदेश भारतीय जनता पार्टी प्रफुल्लित है, उन सभी शहीदों को प्रणाम करती है, नमन करती है, जिनके बलिदान के कारण पूरे विश्व में जय श्रीराम के उद्घोष का नारा गूंजा।

डाॅ. पूनियां ने कहा कि आज सुखद संयोग है कि राष्ट्रवाद का दूसरा बड़ा एजेण्डा था धारा 370 एवं 35ए, जिसकोे हटाने का आज एक वर्ष पूरा हो गया और इसी दिन श्रीराम मंदिर निर्णम के भूमिपूजन का श्रीगणेश हुआ है। मैं निश्चित रूप से कह सकता हूँ कि भारतीय जनता पार्टी और तमाम राष्ट्रवादी संगठन भारत की अस्मिता और स्वाभिमान के लिए तत्पर भी हैं और राम मन्दिर निर्माण भूमि पूजन होने से भारत के लोगों में नई ऊर्जा का संचार होगा, मनोबल बढ़ेगा, मैं पूरे भरोसे के कह सकता हूँ कि जो सपना भारत की नई पीढ़ी देखती है, पुरानी पीढ़ी देखती थी कि भारत विश्व गुरू बनेगा और वंदे भारत की गूंज पूरी दुनिया में होगी, आज उसका आगाज हो गया है। 


नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भगवान श्रीराम के मन्दिर के निर्माण के लिए 500 वर्षों का संघर्ष है, यह संघर्ष वास्तव में इस बात को बताता है कि जिस आदर्श को आप साबित करने के लिए मन का संकल्प करते हो और संघर्षशील रहते हो, कोई ना कोई अदृश्य शक्ति उसको साक्षात रूप में परिणीत करती है। उन्होंने कहा कि मैं सोचता हूँ कि आज से कुछ वर्षों पहले हमको भी यह लगता था कि अपनी जिंदगी में श्रीराम मन्दिर को देख भी पायेंगे या नहीं? कार सेवा में तो हम जरूर गये थे, सब कुछ देखा था, यह विश्वास नहीं था कि इन आँखों से राम मन्दिर को देख पायेंगे या नहीं? आज मंदिर का भूमिपूजन देखा है, अगर भगवान ने जिंदा रखा तो भव्य मंदिर के दर्शन करके अपने आपको भी राम के आदर्शों पर चलने के लिए प्रयत्न करेंगे। मेरी तरफ से वास्तव में उन सब लोगों को नमन, जिन्होंने राम जन्मभूमि के इस संघर्ष को अन्तिम पायदान तक पहुँचाया और हिन्दुस्तान के सुप्रीम कोर्ट को, उनके जजों को भी बहुत-बहुत प्रणाम कि उन्होंने निरंतर करके सच को सच साबित करने का प्रयास किया और दुनिया में उदाहरण पेश किया है कि वास्तव में हिन्दुस्तान का न्यायालय इस तरीके से फैसला करता है, जिसे सभी पक्ष सहर्ष स्वीकार करते हैं। 

इस अवसर पर उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि उन हजारों लोगों को नमन, जिन्होंने सपना मन में संजोया था, लम्बे संघर्ष के पश्चात् आज का वो सुखद दिन आया है। भगवान श्रीराम हमारी संस्कृति के प्रतीक हैं, हमारी सामाजिक मान्यताओं, परम्पराओं में आज भी उन द्वारा स्थापित मर्यादाओं को आत्मसात करते हैं। आज पूरे विश्व में भगवान राम को मानने वाले उनके अनुयायी एवं भक्त उल्लासित हैं कि वो क्षण आ गया है कि जब भगवान राम के भव्य मन्दिर निर्माण का श्रीगणेश हुआ। 

राठौड़ ने कहा कि भगवान राम जिनका हर प्रसंग चाहे आदर्श भाई के रूप में हो, आदर्श पति के रूप में हो, आदर्श सखा के रूप में हो, मर्यादाओं के रूप में उनका जीवन हमें संदेश देता है। यह मन्दिर भारत के अंदर संस्कृतिक सद्भाव के एक नये इतिहास की रचना करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि राम सब में हैं, घट-घट में राम हंै, हम सब में राम हं, राम किसका जागृत कब हो जाये, अच्छे स्वभाव से राम को याद करते रहना चाहिए। 


भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज सायं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनियां, प्रदेश महामंत्री (संगठन) चन्द्रशेखर, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने राम मन्दिर निर्माण के दिव्य शुभारम्भ होने के उपलक्ष्य में दीप प्रज्वलित किये। इस अवसर पर जयपुर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश कार्यालय मंे रंगोली के माध्यम से भगवान श्रीराम मंदिर प्रतिकृति दर्शाई एवं दीप जलाये। साथ ही जय श्रीराम के नारों के गूंज के साथ भव्य आतिशबाजी भी की गई। इस अवसर पर महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री मंजू शर्मा, जयपुर शहर अध्यक्ष कविता मलिक, अरूणा टांक सहित तमाम महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

भगवान श्रीराम मंदिर के निर्माण के श्रीगणेश कार्यक्रम को प्रदेश भाजपा कार्यालय में वर्चुअल माध्यम से प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनियां, प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, माधोराम चैधरी, प्रदेश मंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, मधु कुमावत, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, जयपुर सांसद रामचरण बोहरा, पूर्व विधायक सुरेन्द्र पारीक, प्रदेश मीडिया प्रभारी विमल कटियार, सह-प्रभारी नीरज जैन, प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मीकांत भारद्वाज, जितेन्द्र श्रीमाली, पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष सुमन शर्मा ने देखा।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER