Lok Sabha Election / आज दिल्ली में I.N.D.I.A अलायंस की मेगा रैली, खरगे-राहुल समेत कई नेता होंगे शामिल

Zoom News : Mar 31, 2024, 10:20 AM
Lok Sabha Election: लोकसभा चुनाव 2024 का आगाज हो चुका है और सभी दल अपने-अपने तरीकों से चुनाव प्रचार के अभियान में लगे हुए हैं। इसी क्रम में आज रविवार को विपक्षी दलों के  I.N.D.I.A अलायंस द्वारा दिल्ली के रामलीला मैदान में एक मेगा रैली का आयोजन किया जाएगा जिसमें विपक्षी दलों के कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। विपक्षी गठबंधन ने इस रैली को 'लोकतंत्र बचाओ रैली' नाम दिया है। 

खरगे राहुल भी होंगे शामिल

विपक्ष की लोकतंत्र बचाओ रैली को कांग्रेस के पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित अन्य वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। कांग्रेस ने कहा कि रविवार को आयोजित होने वाली रैली से लोक कल्याण मार्ग (जहां प्रधानमंत्री का आवास स्थित है) को एक "कड़ा संदेश" दिया जाएगा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार का "समय पूरा हो गया है।

किसी व्यक्ति विशेष की रैली नहीं- जयराम रमेश

पहले माना जा रहा था कि रामलीला मैदान में ये रैली प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किए जाने के विरोध में आयोजित रैली के रूप में पेश की जा सकती है। हालांकि, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा है कि यह कोई व्यक्ति विशेष की रैली नहीं है। इसीलिए इसे लोकतंत्र बचाओ रैली कहा जा रहा है। यह किसी एक पार्टी की रैली नहीं है, इसमें करीब 27-28 पार्टियां शामिल हैं। ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी घटक इस रैली में हिस्सा लेंगे।

सुनीता केजरीवाल भी आएंगी

आम आदमी पार्टी ने आधिकारिक रूप से बता दिया है कि रामलीला मैदान की रैली में सुनीता केजरीवाल शामिल होगी। रामलीला मैदान में अरविंद केजरीवाल के साथ सोनिया गांधी और राहुल गांधी के पोस्टर भी लगे हैं। रामलीला ग्राउंड और आस पास का इलाका आप और कांग्रेस दोनों पार्टियों के पोस्टर से अटा पड़ा हैं। मैदान के तकरीबन आधे हिस्से में लोगों के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं।

पीएम मोदी की मेरठ में रैली

दूसरी तरफ दिल्ली से थोड़ी ही दूर मेरठ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी रैली करने जा रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी मेरठ से अपनी चुनावी रैलियों की शुरुआत करने वाले हैं। बता दें कि भाजपा ने मेरठ से अरुण गोविल को अपना उम्मीदवार बनाया है। रामायण धारावाहिक में अरुण गोविल ने ही भगवान राम के किरदार को निभाया था।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER