राहुल की ED में पेशी का दूसरा दिन / सीएम को पीटा जा रहा, तोड़ दी पूर्व गृह मंत्री की पसली', हिरासत में लिए जाने के बाद सुरजेवाला का मोदी सरकार पर हमला

Zoom News : Jun 14, 2022, 12:40 PM
नेशनल हेराल्ड केस में ED के सवालों का जवाब देने दूसरे दिन राहुल गांधी कार से जांच एजेंसी के ऑफिस पहुंचे। उनके साथ प्रियंका गांधी भी थीं। राहुल को छोड़ने के बाद प्रियंका वहां से चली गईं। उनके साथ पैदल मार्च करके जा रहे कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला को घसीटकर पुलिस ने वैन में बैठा लिया। मार्च में शामिल अन्य नेताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। सुरजेवाला ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन के दौरान पी चिदंबरम को पसली में चोट आई है।


CM बघेल की पुलिस से झड़प

कांग्रेस कार्यालय के पास लगे बैरिकेड पर रोके जाने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की दिल्ली पुलिस से झड़प हो गई। उन्होंने पुलिस से कहा- आप एक मुख्यमंत्री को नहीं रोक सकते हैं। लेकिन, पुलिस ने उन्हें नहीं जाने दिया। इससे पहले राहुल अपने घर से प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। जहां कांग्रेस के तमाम नेताओं ने ओपन एरिया में बातचीत की। यहां से रणनीति तैयार होने के बाद राहुल ED दफ्तर के लिए रवाना हुए।


ये नेता हिरासत में

रणदीप सिंह सुरजेवाला, हरीश रावत, केसी वेणुगोपाल, अधीर रंजन चौधरी, गौरव गोगोई, दीपेंद्र सिंह हुड्‌डा, रंजीत रंजन, इमरान प्रतापगढ़ी समेत कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने अकबर रोड से हिरासत में ले लिया है। इन्हें तुगलक रोड थाने ले जाया जा रहा है। सोमवार को करीब एक हजार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था, जिन्हें देर रात छोड़ दिया गया था।


सरकार संपत्ति बेच रही, विरोध करने वालों की आवाज दबा रही: सुरजेवाला

कांग्रेस कार्यालय में बैठक को संबोधित करते हुए रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा- सरकार 70 साल में बनाई गईं संपत्तियों को बेच रही है। इसके विरोध में उठने वाली राहुल गांधी की आवाज को दबाने के लिए जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस डरने वाली नहीं है।


पहले भ्रष्टाचार किया, अब ड्रामा कर रहे हैं: पात्रा

राहुल की पेशी के विरोध में हो रहे कांग्रेस के प्रदर्शन पर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा का बयान आया है। उन्होंने कहा- गांधी परिवार खुद को देश का प्रथम परिवार समझता है। राहुल खुद को राजकुमार समझते हैं। देश में ना को राजा है ना राजकुमार। हमारे प्रधानमंत्री भी खुद को प्रधान सेवक कहते हैं। सोनिया-राहुल ने पहले भ्रष्टाचार किया, अब ड्रामा कर रहे हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER