मुंबई / महाराष्ट्र में जारी सियासी घटनाक्रम पर नितिन गडकरी ने कहा- 'क्रिकेट और राजनीति में कुछ भी संभव है'

Live Hindustan : Nov 15, 2019, 07:13 AM
मुंबई | केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने महाराष्ट्र में जारी सियासी घटनाक्रम के बीच कहा, 'क्रिकेट और राजनीति में कुछ भी संभव है। कभी आपको लगता है कि आप मैच हार रहे हैं, लेकिन परिणाम एकदम विपरीत हो जाता है।' गडकरी ने कहा,'मैं अभी दिल्ली से आया हूं। मुझे महाराष्ट्र की राजनीति की पूरी जानकारी अभी नहीं है।' वहीं केंद्रीय मंत्री से जब पूछा गया कि अगर महाराष्ट्र में गैर-भाजपा सरकार बनती है तो मुंबई में जारी परियोजनाओं का क्या होगा? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि सरकार बदलती है, लेकिन परियोजनाएं जारी रहती हैं। मुझे इससे कोई समस्या नहीं है। सरकार किसी की भी बने हम सकारात्मक नीतियों का समर्थन करेंगे।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में हाल में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा और शिवसेना ने गठबंधन में चुनाव लड़ा था। इस गठबंधन को जनता ने अपना आशीर्वाद भी दिया और बहुमत से ज्यादा सीटे दीं। भाजपा ने 105 और शिवसेना ने 56 सीटें जीतीं। लेकिन मुख्यमंत्री पद को लेकर दोनों पार्टियों में मनमुटाव हो जाने की वजह से महाराष्ट्र में सरकार गठन नहीं हो सका। कांग्रेस के खाते में 44 और एनसीपी के खाते में 54 सीटें आईं। अब शिवसेना राज्य में अपना सीएम बनाने के उद्देश्य से कांग्रेस और एनसीपी के साथ गठबंधन में सरकार बनाने के लिए प्रयासरत है। वहीं, भाजपा ने देवेंद्र फडणवीस के नाम पर चुनाव लड़ा था और उन्हें ही मुख्यमंत्री बनाने पर अड़ी है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER