बर्थडे स्पेशल / पर्दे पर पीएम मोदी बने नजर आए थे विवेक ओबेरॉय, इन कलाकारों ने भी नेताओं का किरदार कर खूब बटोरी वाहवाही

AMAR UJALA : Sep 17, 2020, 09:07 AM
बर्थडे स्पेशल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को होता है। पीएम मोदी के व्यक्तित्व से बॉलीवुड भी अछूता नहीं है। साल 2019 में उनकी बायोपिक रिलीज हुई थी। फिल्म में उनके बचपन से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक का सफर दिखाया गया है। अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने पीएम मोदी का किरदार निभाया था। बॉलीवुड के ऐसे कई अभिनेता हैं जिन्होंने पर्दे पर बखूबी राजनेता का रोल किया। तो चलिए ऐसे ही कुछ मशहूर किरदारों से रूबरू करवाते हैं।

अमिताभ बच्चन

अमिताभ बच्चन तो हर किरदार में जान फूंक देते हैं। फिल्म 'सरकार' और 'सरकार राज' में अमिताभ बच्चन ने एक नेता का रोल किया था, जिसका नाम सुभाष नागरे होता है। बताया जाता है कि उनका यह रोल बाला साहेब ठाकरे से प्रेरित था। फिल्म का निर्देशन राम गोपाल वर्मा ने किया था।

अनिल कपूर

फिल्म 'नायक' में अनिल कपूर एक दिन के मुख्यमंत्री बने थे। साल 2001 में बनी ये फिल्म लोगों को काफी पंसद आई थी। फिल्म में अनिल कपूर पहले एक पत्रकार की भूमिका में होते हैं। परिस्थितियां ऐसी बन जाती हैं कि वो एक दिन के लिए मुख्यमंत्री बन जाते हैं। मुख्यमंत्री बनते ही वो  भ्रष्ट लोगों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करने लगते हैं। 

जैकी भगनानी

2014 में आई फिल्म 'यंगिस्तान' एक नौजवान लड़के की कहानी है, जो भारत के प्रधानमंत्री का बेटा है। वो जापान में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ हंसी-खुशी रह रहा है, मगर पिता की अचानक मौत हो जाने के चलते उसे प्रधानमंत्री बना दिया जाता है।  

कटरीना कैफ

प्रकाश झा के निर्देशन में बनी राजनीति 2010 में रिलीज हुई थी। इसमें कटरीना को साड़ी में भाषण देते हुए देखना प्रशंसकों के लिए हैरान करने वाला था। फिल्म में कटरीना के अभिनय को पसंद किया गया था।

सुचित्रा सेन

पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म आंधी (1975) में सुचित्रा सेन और संजीव कुमार ने मुख्य भूमिका निभाई थी। उस दौर में सुचित्रा सेन के किरदार को इंदिरा गांधी से प्रेरित बताया जाने लगा था हालांकि फिल्ममेकर ने इससे इनकार किया था। फिल्म का निर्देशन गुलजार ने किया था।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER