देश / प्रियंका गांधी का ऐलान- लोकसभा चुनाव में महिलाओं को मिलेंगे आधे टिकट

Zoom News : Nov 18, 2021, 07:30 AM
New Delhi : कांग्रेस की उप्र प्रभारी एवं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि उनकी पार्टी लोकसभा चुनाव में आधे टिकट महिलाओं को देगी। विधानसभा चुनाव में उन्होंने 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देने का ऐलान पहले ही कर दिया था। इसके बेहतर परिणाम आएंगे। उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मंत्री का बेटा किसानों को रौंद देता है और मंत्री अब तक सरकार में है। वह चित्रकूट में मंदाकिनी नदी की धारा में बने मंच से बुंदेलखंड की महिलाओं संग संवाद में बोल रही थीं।

राजनीति में क्रूरता बढ़ी, महिलाएं संभालेंगी

उन्होंने कहा कि अब राजनीति में क्रूरता व हिंसा बढ़ गई है। इसकी जिम्मेदार मौजूदा मौजूदा सरकारें हैं। भय का माहौल बनाया जा रहा है। महिलाओं को मजबूत होना है तो उन्हें राजनीति में सक्रिय होना पड़ेगा। कांग्रेस लोस चुनाव में आधे टिकट देने के साथ महिलाओं का हर मोर्चे पर साथ देगी। महिलाओं में करुणा होती है। उनके राजनीति में आने से शुचिता का माहौल बनेगा। महिलाएं महिलाओं के बारे में सोचेंगी। उनके लिए उपयोगी नीतियां बनाएंगी। जैसे परिवार को संभालती हैं, वैसे देश को संभालेंगी। कांग्रेस सरकार बनी तो कोरोना काल में परेशान किसानों के बिजली बिल आधे किए जाएंगे। उस अवधि में जिन व्यापारियों ने बिना उपभोग के बिजली के बिल जमा किए हैं, वह माफ करेंगे।

प्रवासी पैदल भटके, रैली में बसों का रेला

प्रियंका ने प्रधानमंत्री के 19 नवंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम की ओर इशारा करते हुए कहा कि कोरोना काल में प्रवासी मजदूर पैदल भटके लेकिन अब रैलियों के लिए बसों के व्यापक इंतजाम हैं। महंगाई ने जीना दुश्वार कर दिया है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस सबके दामों में आग लगी है।

परिक्रमा और पूजन किया

इससे पहले प्रियंका गांधी ने भगवान मत्स्यगयेंद्रनाथ मंदिर में अभिषेक कर आरती उतारी। संवाद के बाद भगवान कामतानाथ के दरबार में माथा टेका। पांच किमी परिक्रमा भी की।

खुर्शीद की टिप्पणी से पार्टी सहमत नहीं

प्रियंका ने पार्टी के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद की किताब में हिंदुत्व पर की गई टिप्पणी पर कहा कि मैं हिंदुत्व पर विश्वास करती हूं। मेरी श्रद्धा है, तो भगवान के दरबार में आई हूं। वो खुर्शीद की निजी राय है, पार्टी का इससे कोई लेना देना नहीं है। अभिव्यक्ति की आजादी हर किसी को है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER