टोक्यो ओलंपिक / सात्विक व चिराग ओलंपिक्स में बैडमिंटन पुरुष डबल्स के ग्रुप मैच में इंडोनेशिया से हारे

सात्विक साईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी ने टोक्यो ओलंपिक्स में अपना ग्रुप ए बैडमिंटन पुरुष युगल मैच इंडोनेशिया के मार्कस फर्नाल्डी गिडियन और केविन संजय सुकामुल्जो के खिलाफ सीधे गेम्स में गंवा दिया। सात्विक और चिराग अब भी ग्रुप पॉइंट टेबल में दूसरे स्थान पर हैं। उनका अगला मुकाबला बेन लेन और सीन वेंडी (ब्रिटेन) से होगा।

टोक्यो: सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय बैडमिंटन जोड़ी को टोक्यो ओलंपिक के पुरुष युगल के ग्रुप ए में सोमवार को यहां मार्कस फर्नाल्डी गिडियोन और केविन संजय सुकामुल्जो की इंडोनेशिया की जोड़ी के खिलाफ सीधे गेम में शिकस्त का सामना करना पड़ा।

दुनिया की 10वें नंबर की सात्विक और चिराग की भारतीय जोड़ी को इंडोनेशिया की दुनिया की नंबर एक जोड़ी ने 32 मिनट में 21-13, 21-12 से शिकस्त दी।

सात्विक और चिराग ने अपने पहले मैच में यैंग ली और वैंग ची लिन की चीनी ताइपे की दुनिया की तीसरे नंबर की जोड़ी को कड़े मुकाबले में 21-16, 16-21, 27-25 से हराया था लेकिन गिडियोन और सुकामुल्जो के खिलाफ भारतीय जोड़ी बेबस सी नजर आई।

सात्विक और चिराग ग्रुप ए के अपने अंतिम मैच में बेन लेन और सीन वेंडी की ब्रिटेन की जोड़ी से भिड़ेंगे जो अपने शुरुआती दो मैच हारकर पहले ही नॉकआउट की दौड़ से बाहर हो गए हैं।