मुंबई / शेयर बाजार / सेंसेक्स में 270 अंक की तेजी, 6 महीने में पहली बार 38000 के स्तर पर पहुंचा

Dainik Bhaskar : Mar 15, 2019, 12:27 PM
मुंबई. शेयर बाजार में तेजी का दौर जारी है। सेंसेक्स शुक्रवार को 270 की बढ़त के साथ 38,024.95 के उच्च स्तर पर पहुंच गया। सितंबर 2018 के बाद सेंसेक्स पहली बार 38,000 के स्तर पर पहुंचा है। निफ्टी में 85 प्वाइंट की तेजी दर्ज की गई। यह 11,428.05 तक चढ़ा। विदेशी निवेशकों की खरीदारी, रुपए में मजबूती और मजबूती विदेशी संकेतों की वजह से बाजार में तेजी आई।

एसबीआई के शेयर में 2% बढ़त

बैंकिंग, ऑटो और आईटी शेयरों में अच्छी खरीदारी देखी जा रही है। एनएसई पर कोटक बैंक के शेयर में 4% और एसबीआई के शेयर में 2% तेजी दर्ज की गई। उधर, हिंदुस्तार यूनीलीवर के शेयर में 2% और भारती एयरटेल में 1.5% गिरावट आई। कोल इंडिया का शेयर भी 1% से ज्यादा गिर गया।

विश्लेषकों का कहना है कि लोकसभा चुनावों से पहले बाजार पॉजिटिव मूड में नजर आ रहा है। विदेशी निवेशक इस साल शेयर बाजार में 30,000 करोड़ रुपए लगा चुके हैं।

एशियाई बाजारों में भी तेजी दर्ज की जा रही है। हॉन्गकॉन्ग के शेयर बाजार का इंडेक्स हेंगसेंग में 0.95% उछाल दर्ज किया गया। चीन के शंघाई कंपोजिट इंडेक्स में 1.54% और जापान के निक्केई में 1.03% की बढ़त आई। गुरुवार को अमेरिकी बाजार भी फायदे में बंद हुए थे।

डॉलर के मुकाबले रुपए में मजबूती का दौर जारी है। शुक्रवार को यह 20 पैसे की बढ़त के साथ 69.14 पर पहुंच गया। उधर, ब्रेंट क्रूड के रेट में 0.01% की गिरावट दर्ज की गई।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER