तमिलनाडु की राजनीति में इस बार एक नई तरह की लहर देखने को मिली है। विजय थलापति ने अपनी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के साथ एक ऐसा डिजिटल कैंपेन चलाया, जिसने पारंपरिक चुनावी तरीकों को पूरी तरह पीछे छोड़ दिया। फिल्मी अंदाज में तैयार की गई यह रणनीति सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और फैन नेटवर्क के दम पर तेजी से फैलती गई। इस डिजिटल अप्रोच ने खासकर युवाओं और परिवारों को सीधे जोड़ने का काम किया। यही मुख्य कारण रहा कि नई पार्टी बनाने के बाद सिर्फ दो साल के भीतर TVK ने तमिलनाडु चुनाव में जीत हासिल की।
फैन क्लब बने डिजिटल वॉरियर्स
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, विजय ने अपने करीब 85 हजार फैन क्लब्स को सिर्फ सपोर्टर नहीं बल्कि डिजिटल वॉरियर्स में बदल दिया। ये लोग सोशल मीडिया पर माइक्रो इंफ्लुएंसर की तरह काम कर रहे थे और पार्टी का मैसेज तेजी से फैलाने में जुटे थे। इस नेटवर्क ने चुनावी प्रचार को जमीन से उठाकर मोबाइल स्क्रीन तक पहुंचा दिया। हर इलाके में लोकल लेवल पर कंटेंट तैयार हुआ, जिससे लोगों को अपने आसपास का जुड़ाव महसूस हुआ और इस पूरी रणनीति की खास बात यह रही कि यह किसी एक सेंट्रल सिस्टम पर निर्भर नहीं थी, बल्कि हजारों छोटे नेटवर्क मिलकर इसे आगे बढ़ा रहे थे।
AI, होलोग्राम और वायरल कंटेंट का प्रभाव
इस कैंपेन में टेक्नोलॉजी का जमकर इस्तेमाल किया गया। होलोग्राम रैली, AI से बने वीडियो और वर्चुअल मैसेजिंग के जरिए विजय ने एक साथ कई जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। सोशल मीडिया पर वायरल रील्स और छोटे-छोटे मैसेज तेजी से फैले, जिन्हें लोग आसानी से समझ और शेयर कर सके। खास बात यह रही कि कंटेंट को ज्यादा पॉलिसी आधारित नहीं बल्कि इमोशनल और कनेक्टिंग बनाया गया। इससे यूजर्स का ध्यान ज्यादा समय तक बना रहा और यह तरीका तेजी से स्क्रोल करने वाली ऑडियंस के लिए बिल्कुल फिट बैठा और चुनावी माहौल को लगातार गर्म बनाए रखा।
यूथ सुनामी और परिवारों तक सीधी पहुंच
कैंपेन के आखिरी दौर में विजय ने 'यूथ सुनामी' का नारा दिया, जिसने युवाओं के साथ-साथ बच्चों और परिवारों को भी जोड़ दिया। सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो सामने आए, जहां युवा अपने घर के लोगों को सपोर्ट के लिए प्रेरित करते दिखे। इस तरह का पीयर ड्रिवन कम्युनिकेशन पारंपरिक प्रचार से अलग था, क्योंकि इसमें लोग खुद ही मैसेज का हिस्सा बन गए। खासकर महिलाओं की भागीदारी में बढ़ोतरी देखने को मिली, जो इस कैंपेन की बड़ी सफलता मानी जा रही है। इस पूरी रणनीति ने स्पष्ट किया कि अब चुनाव सिर्फ भाषणों से नहीं, बल्कि डिजिटल कनेक्शन से जीते जा सकते हैं।
