यूक्रेन की त्रासदी / जो हाथ कलम चलाते रहे, अब उठा रहे हथियार; तबाही का यह मंजर रुला देगा

Zoom News : Feb 26, 2022, 03:44 PM
यूक्रेन शायद सदी की सबसे भयानक त्रासदी से गुजर रहा है। यूक्रेनी सैनिक अपनी आजादी को बनाए रखने के लिए जान पर खेल रहे हैं। रूसी फौज राजधानी कीव में घुसकर कत्लेआम मचा रही है। इस बीच यूक्रेन ने देश की रक्षा के लिए आम नागरिकों को हथियार सौंप दिए हैं। अंतिम सांस तक लड़ने के लिए युवाओं से लेकर कई अधेड़ उम्र के लोगों ने भी हथियार उठाए हैं। इनमें से कई ऐसे लोग हैं, जिनका जंग और हथियारों से दूर-दूर तक संबंध नहीं था। 

आम जन ने उठाए हथियार

यूक्रेन से सामने आई मीडिया रिपोर्टस में ऐसे लोगों से बात की गई है, जो अब अंतिम लड़ाई के लिए निकल गए हैं। इनमें से एक यूक्रेनी इतिहासकार यूरी कोरचेमनी भी हैं। यूरी कहते हैं कि, उन्होंने अपनी जिंदगी में कभी हथियार नहीं उठाए। इतिहास को खोजना और उसके बारे में लिखना ही उनको पसंद था, लेकिन अब वह जंग में शामिल हैं और उन्होंने क्लाश्निकोव राइफल उठा ली है। एक हल्की सी मुस्कुराहट के साथ वह कहते हैं, उन्होंने हमें हथियार दिए हैं। हमारे लिए इसके लोड किया है और अब हम यहां हैं। 

कुछ वीडियो डराने वाले 

यूक्रेन में तबाही का मंजर किसी को भी डरा देगा। दरअसल, रूसी हमले का आज तीसरा दिन है। पुतिन की चेतावनी के बाद भी यूक्रेन ने घुटने टेकने से मना कर दिया है, जिसके बाद आज सुबह से ही रूसी सैनिकों ने चौरतफा आक्रमण कर दिया है। एक के बाद एक रूसी शहर पर कब्जा हो रहा है। ऐसे में कीव जंग का मैदान बन गया है। रूसी सेना यहां पर रिहायशी इलाकों में घुसकर बमबारी कर रही है। चारों ओर से गोलीबारी की आवाज सुनाई दे रही है। इस बीच दो वीडियो ऐसे सामने आए हैं, जो किसी को भी डरा देंगे। 

आवासीय इमारत पर दागी मिसाइल 

यूक्रेन से सामने आया एक वीडियो एक आवासीय इमारत के अंदर एक फ्लैट का है। बेहद शांत सा वातावरण है। इसी दौरान एक मिसाइल फ्लैट की खिड़की से टकराती है और चंद सेकेंट में सबकुछ तबाह हो जाता है। एक दूसरा वीडियो है, जिसमें एक अपार्टमेंट का एक हिस्सा मिसाइल हमले की गवाही दे रहा है। सड़क पर सन्नाटा छाया हुआ है और चारों तक तबाही का मंजर है। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER