Weather Today / लू का दौर फिर शुरू होगा, दिल्ली में हफ्ते भर सताएगी गर्मी, जानिए मौसम का ताजा हाल

Zoom News : Apr 28, 2022, 09:45 AM
देश के अधिकांश राज्यों में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। अब इस मौसम में लू का नया दौर शुरू होने वाला है, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ से बीते दिनों मिली राहत का असर खत्म हो गया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात में लू चलने की आशंका है। इन राज्यों में पारा 40 से 44 डिग्री से ज्यादा होकर सामान्य से कई डिग्री अधिक हो सकता है। दिल्ली एनसीआर को भी अभी करीब एक हफ्ते प्रचंड गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। 


मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 41 से 44 डिग्री के बीच रहा। यह सामान्य से 3 डिग्री अधिक था। पालम में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री तो गुरुग्राम में 44 और मंगेशपुर में सर्वाधिक 44.1 रहा। यानी समझ लीजिए एनसीआर का बड़ा सूरज के प्रकोप से झुलस रहा है। गुरुवार को गर्म धूल भरी हवाएं चलेगी और अधिकतम तापमान 43 तक जा सकता है। 2 मई तक दिल्ली एनसीआर का तापमान 43 से 44 डिग्री के बीच बना रहने का अनुमान है। दो मई के बाद बादल छाने से तापमान कुछ कम हो सकता है। 


उधर, निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट ने भी अगले 24 घंटों के दौरान, विदर्भ, आंतरिक ओडिशा, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, झारखंड, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य महाराष्ट्र और अलग-अलग हिस्सों में लू की वापसी का अनुमान जताया है। अगले 24 से 48 घंटों के दौरान तेलंगाना के भी एक या दो हिस्सों में लू चल सकती है।


यहां हो सकती है बारिश

  • सिक्किम पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
  • केरल और कर्नाटक के दक्षिणी हिस्सों में एक या दो मध्यम बारिश के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
  • जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश संभव है। 

यहां बारिश हुई

  • बीते 24 घंटों के दौरान, सिक्किम, और पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों के साथ-साथ उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। केरल में भी हल्की व छिटपुट बारिश हुई।
  • रायलसीमा, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हुई।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER