बर्गर में निकला बिच्छू / बर्गर के साथ आधा हिस्सा भी चबा गया युवक, तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा, जयपुर में केस दर्ज

Zoom News : Sep 21, 2021, 01:05 PM
जयपुर में एक नामी रेस्त्रां में बर्गर में बिच्छू निकलने का मामला सामने आया है। दोस्त के साथ रेस्त्रां में युवक ने बर्गर के साथ बिच्छू का आधा हिस्सा भी चबा लिया। अचानक मुंह में कुछ अजीब सा स्वाद आने पर देखा तो बर्गर में बिच्छू का हिस्सा नजर आया। यह देखकर युवक हड़बड़ा गया। घबराहट से उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। तब जयपुरिया अस्पताल पहुंचाया गया। उसे ऑब्जर्वेशन के लिए डॉक्टरों ने भर्ती कर लिया है। दवा देकर उपचार किया। इसके बाद युवक ने मैनेजर के खिलाफ जवाहर सर्किल थाने में केस दर्ज करवाया है।

जवाहर सर्किल थाना पुलिस के अनुसार शांति कॉलोनी, एयरपोर्ट रोड का रहने वाला 22 वर्षीय तरुण सैनी अपनी दोस्त के साथ 17 सितंबर को रात 8:30 बजे एक रेस्त्रां में बर्गर खाने गया था। वहां उसने दो बर्गर ऑर्डर किए। एक बर्गर दोस्त को दिया। दूसरा तरुण खुद खाने लगा। कागज में पैक बर्गर खोलकर आधा हिस्सा चबाने लगा तो स्वाद बदल गया। मुहं के अंदर कुछ अजीब सी चीज आने पर युवक को शक हुआ।

वहीं, हाथ में पकड़े बर्गर के आधा टुकड़े में कुछ काला सा कीड़ा नजर आया। तरुण ने मुंह में दबा हिस्सा भी बाहर निकाला। तब पता चला कि बर्गर में काले रंग का छोटा बिच्छू मरा हुआ था। इसका आधा हिस्सा तरुण बर्गर के साथ खा चुका था। बर्गर में बिच्छू देखते ही तरुण घबरा गया। रेस्त्रां में हंगामा खड़ा हो गया। दोनों साथियों ने रेस्त्रों के स्टाफ से पूरे मामले में बात की। युवकों का आरोप है कि शिकायत करने पर वहां मौजूद स्टाफ ने बर्गर छीनकर अलग कर दिया।


मैनेजर ने दी धमकी

रेस्त्रां के स्टाफ के बर्गर छीनते ही युवक ने मौके पर हंगामा कर दिया। युवकों ने रेस्त्रां के मैनेजर पर भी अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। युवक का आरोप है कि हंगामे के दौरान मैनेजर ने कहा कि तुझे जो करना है कर ले। हमारे पास तेरे जैसे बहुत लोग आते हैं। तू कुछ भी नहीं कर सकता।

100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को बताया

इसके बाद युवक ने 100 नंबर पर कॉल कर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान भी मैनेजर ने युवक को अपने कैबिन में घुसने नहीं दिया। हंगामा होता देख मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। इस बीच युवक की तबीयत खराब होने लगी। उसे अस्पताल पहुंचाया गया।

जयपुर के सबसे पुराने रेस्त्रां में से एक

जिस जगह मामला सामने आया, वो जयपुर के सबसे पुराने रेस्त्रा में से एक है। यहां रोज बड़ी संख्या में लोग खाने-पीने पहुंचते हैं। वीकेंड पर यहां घंटों लाइन लगती है। आसपास भी शॉपिंग सेंटर और अलग-अलग फूड पॉइंट हैं, जो जयपुर की सबसे फेमस जगहों में से एक है।

पीड़ित जयपुर का रहने वाला

रेस्त्रां पर आरोप लगाने वाला तरण सैनी जयपुर का ही रहने वाला है। तरुण सांगानेर इलाके में रहता है। अपनी एक महिला मित्र के साथ रेस्त्रां में खाना खाने पहुंचा था।

फॉरेंसिक लैब भिजवाने के लिए सैंपल लिए

हंगामा बढ़ने पर जवाहर सर्किल पुलिस मौके पर पहुंची। काफी हंगामा होने के बाद पुलिस ने मामला शांत करवाया। फिर तरुण को जयपुरिया सेटेलाइट अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने तरुण को इलाज के लिए भर्ती कर लिया। उसके सैंपल भी लिए गए। मेडिकल लीगल रिपोर्ट तैयार कर सैंपल को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भिजवाया गया। इस बीच तरुण ने 19 सितंबर को देर रात रेस्त्रां के मैनेजर के खिलाफ जवाहर सर्किल थाने में मुकदमा दर्ज करवा दिया।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER