JHARKHAND / आज रामनवमी पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पुलिस कर रही फ्लैग मार्च

Zoom News : Apr 10, 2022, 09:31 AM
आज देशभर में रामनवमी मनाई जा रही है। इसके मद्देनजर पूरे झारखंड में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। जहां संवेदनशील इलाके हैं वहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राज्य की राजधानी रांची में पुलिस फ्लैग मार्च कर रही है। सरकार ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है।

पुलिस मुख्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि रांची, जमशेदपुर, गिरिडीह, चतरा और हजारीबाग जैसे संवेदनशील जिलों में पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिलों को बेहतर निगरानी के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा गया है।

दो लोगों की पिटाई के बाद शहर में सुरक्षा कड़ी

आगे इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि शुक्रवार को कर्बला चौक पर दो लोगों की पिटाई के बाद शहर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी और उनकी बाइक में आग लगा दी गई थी। अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय राम नवमी महासमिति द्वारा जुलूस निकालने की घोषणा के बाद खूंटी में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

रांची के उपायुक्त ने त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की

रांची के उपायुक्त छवि रंजन ने कहा कि जिला प्रशासन रामनवमी समारोह पर करीब से नजर रखे हुए है। जो भी उपद्रवी सार्वजनिक शांति भंग करने का इरादा रखेगा, उससे कानूनी रूप से सख्ती से निपटा जाएगा। साथ ही उन्होंने राजधानी के लोगों से त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की। 

हाल ही में जिले से दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प की खबर सामने आई थीं। लोहरदगा के उपायुक्त वाघमारे प्रसाद कृष्ण ने कहा कि सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर नागरिक और पुलिस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि लोहरदगा शहर में शांति बनाए रखने के लिए यदि आवश्यक हुआ तो मजिस्ट्रेटों को कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया है।

ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से रखी जाएगी नजर

पलामू के उपायुक्त जटाशंकर चौधरी ने कहा कि रामनवमी के जुलूस पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की मदद से नजर रखी जाएगी। राज्य सरकार ने विभिन्न रामनवमी पूजा समितियों और राजनीतिक दलों की मांगों को देखते हुए जुलूस का समय रात 10 बजे तक बढ़ा दिया है। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER