ट्रंप ने नौसेना सचिव जॉन फेलन को किया बर्खास्त, होर्मुज नाकाबंदी और आंतरिक मतभेद बने कारण

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नौसेना सचिव जॉन फेलन को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। यह फैसला ईरान के खिलाफ होर्मुज स्ट्रेट में जारी नाकाबंदी और रक्षा विभाग के भीतर बढ़ते मतभेदों के बीच लिया गया है। फेलन की जगह हंग काओ को अस्थायी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा फैसला लेते हुए अमेरिकी नौसेना के सचिव जॉन फेलन को तुरंत पद से हटा दिया है। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने समुद्र में नाकाबंदी लागू कर रखी है। पेंटागन ने एक संक्षिप्त बयान जारी कर बताया कि फेलन तुरंत प्रभाव से अपना पद छोड़ रहे हैं, हालांकि उन्हें हटाने की कोई स्पष्ट आधिकारिक वजह नहीं बताई गई है। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी का पूरी तरह सफल न होना भी इस बर्खास्तगी की एक बड़ी वजह मानी जा रही है।

बर्खास्तगी के पीछे के मुख्य कारण और आंतरिक मतभेद

सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, जॉन फेलन को हटाने के पीछे कई गंभीर कारण थे। सबसे प्रमुख कारण यह था कि वह नौसेना के जहाज बनाने की योजना में सुधारों को अपेक्षित गति से लागू करने में विफल रहे थे। इसके अतिरिक्त, उनका तालमेल रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, डिप्टी रक्षा मंत्री स्टीव फाइनबर्ग और नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी हंग काओ के साथ बेहतर नहीं था और आपसी समन्वय की इसी कमी के चलते अब हंग काओ को अस्थायी तौर पर नौसेना सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एथिक्स जांच और व्हाइट हाउस की अहम बैठक

रिपोर्ट्स के अनुसार, फेलन के दफ्तर के खिलाफ चल रही एक एथिक्स जांच भी उनकी बर्खास्तगी का एक महत्वपूर्ण कारण बनी। फेलन और रक्षा मंत्री हेगसेथ के बीच पिछले कई महीनों से तनाव की स्थिति बनी हुई थी। हेगसेथ का मानना था कि फेलन कार्य करने में काफी धीमे हैं और वे अक्सर सीधे राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके स्थापित नियमों और प्रोटोकॉल को नजरअंदाज कर रहे थे। व्हाइट हाउस में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद यह मामला और गंभीर हो गया। ट्रंप नौसेना के कार्यों की धीमी गति से पहले ही असंतुष्ट थे और उन्होंने हेगसेथ को इस मुद्दे को तुरंत सुलझाने का निर्देश दिया था और इसके बाद फेलन को इस्तीफा देने या हटाए जाने का विकल्प दिया गया, और अंततः ट्रंप ने खुद उनकी बर्खास्तगी की पुष्टि की।

होर्मुज स्ट्रेट में नाकाबंदी की वर्तमान स्थिति

यह पूरा घटनाक्रम उस समय हो रहा है जब अमेरिकी नौसेना होर्मुज स्ट्रेट में ईरान के खिलाफ सक्रिय नाकाबंदी कर रही है।

जॉन फेलन का कार्यकाल और अन्य सैन्य अधिकारियों की विदाई

जॉन फेलन एक प्रमुख कारोबारी थे और इस पद पर आने से पहले उनके पास कोई सैन्य अनुभव नहीं था। उन्हें वर्ष 2025 में नियुक्त किया गया था और उन्हें ट्रंप का करीबी माना जाता था। उनकी बर्खास्तगी ट्रंप के इस कार्यकाल में किसी बड़े रक्षा अधिकारी के खिलाफ पहली ऐसी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले भी पेंटागन में कई बड़े बदलाव देखे गए हैं। इसी महीने आर्मी चीफ ऑफ स्टाफ रैंडी जॉर्ज को बिना कारण बताए पद से हटा दिया गया था। इसके अलावा डेविड हॉडने और विलियम ग्रीन जूनियर जैसे जनरलों को भी हटाया जा चुका है। अमेरिकी सीनेटर जैक रीड ने इन फैसलों पर चिंता जताते हुए कहा है कि इससे रक्षा विभाग में अस्थिरता की स्थिति पैदा हो रही है।

रक्षा बजट और भविष्य की चुनौतियां

यह प्रशासनिक फेरबदल ऐसे समय में हो रहा है जब अमेरिका को चीन की तेजी से विस्तार करती नौसेना से कड़ी चुनौती मिल रही है। 5 ट्रिलियन डॉलर का रक्षा बजट प्रस्तावित किया है। इस भारी-भरकम बजट में से 65 अरब डॉलर से अधिक की राशि नए युद्धपोत और सपोर्ट जहाजों के निर्माण पर खर्च करने की योजना बनाई गई है।