IPL 2021 / आखिरी ओवरों में मुंबई की वापसी पर सहवाग ने शेयर किया WWE का यह वीडियो

Zoom News : Apr 14, 2021, 09:20 AM
IPL 2021 | इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 14वें सीजन में मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मंगलवार को 10 रनों से जीत दर्ज की। एक समय केकेआर मैच में ड्राइविंग सीट पर था और ऐसा लग रहा था कि आसानी से यह मैच जीत जाएगा, मैच के आखिरी पांच ओवरों में मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों ने ऐसे मैच पलटा कि हर कोई बस देखता ही रह गया। मुंबई इंडियंस की इस जबर्दस्त वापसी पर टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें डब्ल्यूडब्ल्यूई के रेसलर अंडरटेकर और रैंडी ऑर्टन नजर आ रहे हैं।

इस वीडियो में अंडरटेकर ने कॉफिन बॉक्स से निकलर रैंडी ऑर्टन की जमकर धुनाई की है। सहवाग ने इस वीडियो से ही मुंबई इंडियंस की जीत की तुलना की है। इस वीडियो को शेयर करते हुए सहवाग ने लिखा, 'मुंबई इंडियंस ने केकेआर के साथ आखिरी के पांच ओवरों में यही किया, मरने के बाद वापसी।' सहवाग का शेयर किया गया यह वीडियो अब खूब वायरल हो रहा है।

केकेआर ने टॉस जीतकर मुंबई इंडियंस को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। आंद्रे रसेल ने पांच विकेट झटके और मुंबई इंडियंस की पूरी टीम 152 रनों पर सिमट गई। जवाब में केकेआर का स्कोर एक समय 14.5 ओवर में तीन विकेट पर 122 रन था। केकेआर को जीत के लिए 31 गेंद पर 31 रनों की जरूरत थी और उसके सात विकेट भी बचे थे। मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों ने इसके बाद केकेआर के बल्लेबाजों के खिलाफ ऐसी कसी हुई गेंदबाजी की कि टीम लक्ष्य से पीछे रह गई।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER