Weather Update / खत्म हुआ दिल्ली-NCR का इंतजार, बारिश संग राहत की बौछार

Zoom News : Jun 30, 2022, 10:32 AM
Weather Update | पिछले कई दिनों से गर्मी और उमस से परेशान दिल्लीवासियों के लि गुरुवार सुबह राहत लेकर आई। ठंडी हवाएं और बारिश की बौछारों के साथ आखिरकार मानसून ने राजधानी में दस्तक दे दी। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में सुबह से झमाझम बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया है। विभाग की मानें तो बारिश और ठंडी हवाओं के कारम तापमान में छह से सात डिग्री की कमी आ सकती है। स्काईमेट के अनुसार, दिल्ली के कुछ हिस्सों में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

दिल्ली में बुधवार को मानसून के दस्तक देने की संभावना थी। विभाग ने अनुमान जताया था कि दिल्ली में 29 या 30 जून को मानसून दस्तक दे सकता है। आज बारिश से उम्मीद जताई जा रही है मानसून राजधानी पहुंच गया है। आज 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। विभाग के अनुसार दो से चार जुलाई तक हल्की बारिश होगी। पांच जुलाई से तेज बारिश होगी।

तीन दिन बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिन राजधानी दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से लेकर मध्यम बारिश के आसार हैं। तेज हवा के साथ होने वाली बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिन भर की गर्मी के बाद शाम छह बजे के बाद दिल्ली के मौसम में बदलाव देखने को मिला। बादल और ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्मी से हल्की राहत प्रदान की।

गुरुवार के लिए ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार के दिन दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। इस दौरान हवाकी गति भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रह सकती है। इसे देखते हुए मौसम विभाग की ओर से ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार और शनिवार के दिन भी बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।

बुधवार को लोगों ने सही तेज गर्मी

दिल्ली में बुधवार को लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा। इस दौरान हवा में नमी का स्तर अधिक रहा। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में बुधवार को अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। यहां आर्द्रता का स्तर 77 से 41 फीसदी तक रहा। नजफगढ़ और जफरपुर जैसे इलाकों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार रहा।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER