Weather Update / मॉनसून तुम कब आओगे? दिल्ली पहुंचने में 12 साल में 8वीं बार लेट; अब क्या है नई डेट

Zoom News : Jun 28, 2022, 07:49 AM
दिल्ली में मानूसन बीते 12 वर्षों में तीसरी बार समय से दस्तक देने में चूक गया है। दिल्ली में मानसून के आने का समय 27 जून था। अब मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि मानसून 29 या 30 जून तक दस्तक देगा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार इस वर्ष दक्षिण पश्चिम मानसून का केरल में आगमन समय से तीन दिन पहले हुआ था। उस वक्त मानसूनी परिस्थितियां अनुकूल थीं और मानसूनी हवाएं तेजी से प्रगति कर रही थीं। इससे अनुमान था कि मानसून समय से पहले पहुंच सकता है। अब मानूसन तय तिथि से तीन दिन की देरी से दिल्ली पहुंच सकता है। 

पश्चिमी हवाओं ने रोकी मानसून की रफ्तार

मौसम निगरानी संस्था के मौसम विज्ञानी महेश पालावत के मुताबिक दक्षिण पश्चिम मानसून की प्रगति इस बार समय से पहले शुरू हुई। लेकिन, पिछले आठ दिनों से उत्तर और मध्य भारत में पश्चिमी हवाएं चल रही थीं। इससे मानसून की प्रगति मध्य और उत्तर भारत की ओर से तेजी से नहीं हो सकी। इससे दिल्ली में मानसून की दस्तक में देरी हुई है।

मानसून की देरी के बीच गर्मी से परेशान रहे लोग

दिल्ली के लोगों के लिए मॉनसून का इंतजार एक बार फिर बढ़ गया है। वहीं, मानसून की देरी के बीच दिल्लीवालों को तेज तपिश झेलनी पड़ रही है। राजधानी दिल्ली के लोग सोमवार के दिन भीषण गर्मी और उमस से परेशान रहे। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। जबकि, न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा। नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।


दो दिन झेलनी होगी ऐसी ही गर्मी

सोमवार के दिन दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में उमस भरी गर्मी रही। अगले दो दिनों में भी ऐसा ही हाल रहने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को मेघ गर्जना देखने को मिल सकती है। जबकि, बुधवार को 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार वाली हवाएं चलने का अनुमान है। गुरुवार को 30 से 40 की रफ्तार वाली हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।


बीते वर्षों में कब पहुंचा

2011- 26 जून

2012- 07 जुलाई

2013 -16 जून

2014- 03 जुलाई

2015- 25 जून

2016- 02 जुलाई

2017- 02 जुला

2018- 28 जून

2019- 05 जुलाई

2020- 25 जून

2021- 13 जुलाई


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER