दिल्ली मेट्रो में खुदकुशी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। येलो लाइन के मॉडल टाउन स्टेशन पर एक महिला ने चलती मेट्रो के आगे कूदकर जान दे दी।
येलो लाइन हुडा सिटी सेंटर से समयपुर बादली के बीच चलती है। खुदकुशी करने वाली महिला का नाम सोनाक्षी गर्ग (26) बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल पर एक सूइसाइड नोट बरामद हुआ है। लड़की ने खुदकुशी के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं बताया है।
Delhi: A 26-year-old woman Sonakshi Garg committed suicide today by jumping before a metro at Model Town Metro Station. Police has found a suicide note from the site of accident.
— ANI (@ANI) September 7, 2019
पुलिस ने बताया कि वह मानसिक रूप से परेशान थी और उसका इलाज चल रहा था। सोनाक्षी पहाड़गंज की रहने वाली थी और बतौर अकाउंटेंट काम कर रही थी। उसके पिता की पहाड़गंज में ही एक दुकान है।
इस घटना के बाद येलो लाइन पर सेवा प्रभावित हो गई जिसकी जानकारी खुद डीएमआरसी ने ट्विटर पर दी। डीएमआरसी ने ट्वीट किया, 'पैसेंजर के ट्रैक पर आ जाने के कारण जहांगीरपुरी से मॉडल टाउन के बीच का रूट प्रभावित हुआ है। बाकी रूट्स पर ट्रैफिक सामान्य है।'
Yellow Line Update
— Delhi Metro Rail Corporation (@OfficialDMRC) September 7, 2019
Delay in service from Jahangirpuri to Model Town due to a passenger on track at Model Town.
Normal service on all other lines.
उल्लेखनीय है कि दिल्ली मेट्रो ने खुदकुशी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए एयरपोर्ट मेट्रो की तर्ज पर प्लैटफॉर्म स्क्रीन डोर्स लगाने शुरू किए हैं। इस डोर के रहते कोई ट्रैक पर नहीं कूद सकता।
यह डोर तब खुलती है जब मेट्रो स्टेशन पर रुकती है और उससे सिर्फ मेट्रो रेल के अंदर ही जाया जा सकता है। लेकिन अभी यह काम अपनी रफ्तार नहीं पकड़ पाया है। यह डोर कुछ गिने चुने स्टेशनों पर ही लगाए गए हैं।
