मिस्र / सिनाई में आतंकवादियों के साथ संघर्ष में 11 सैनिकों की मौत, पांच घायल

Zoom News : May 08, 2022, 08:23 AM
मिस्र की सेना ने एक बयान में कहा कि सिनाई प्रायद्वीप के अशांत उत्तरी क्षेत्र में एक आतंकवादी हमले में कम से कम 11 सैनिक मारे गए हैं और पांच अन्य घायल हो गए।


मिस्र के सैन्य प्रवक्ता घरीब अब्देल-हाफिज ने एक बयान में कहा कि संघर्ष उस समय हुआ जब आतंकवादियों ने शनिवार को स्वेज नहर के पूरब में एक वाटर पंपिंग स्टेशन पर हमला किया। मिस्र के सैनिकों ने वाटर पंपिंग स्टेशन पर आतंकवादियों के एक समूह के हमले को नाकाम कर दिया।


प्रवक्ता के अनुसार, संघर्ष में मारे गए 11 सैनिकों में 10 सैनिक और एक अधिकारी शामिल हैं, जबकि सशस्त्र बल वर्तमान में एक सुनसान इलाके में घिरे आतंकवादियों का पीछा कर रहे हैं। हालांकि बयान में सटीक स्थान के बारे में नहीं बताया गया है। राज्य द्वारा संचालित अल-अहराम समाचार वेबसाइट ने बताया कि सैनिकों और आतंकवादियों की बीच मुठभेड़ "ईस्ट कैनाल वाटर लिफ्टिंग स्टेशन" की चौकी पर हुई।


मिस्र पिछले एक दशक में सिनाई प्रायद्वीप के उत्तरी भाग में आतंकवाद का मुकाबला कर रहा है और देश इस प्रायद्वीप में आतंकवादी गतिविधियों को बहुत सीमित करने में कामयाब रहा है। सिनाई के आतंकवादी ज्यादातर इस्लामिक स्टेट समूह से जुड़े हैं। अभी तक किसी भी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। बताया जा रहा है कि हाल के वर्षों में मिस्र के सुरक्षाबलों के खिलाफ यह सबसे घातक हमलों में से एक है।


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER