राजस्थान / लड़की ने राजस्थान में 3 बच्चों को नदी में डूबने से बचाया, चौथे को बचाने के दौरान हुई मौत

Zoom News : Aug 25, 2021, 10:36 AM
धौलपुर: राजस्थान के धौलपुर जिले में एक 13 साल की लड़की ने बहादुरी की अनोखी मिसाल पेश करते हुए तीन बच्चों को डूबने से बचा लिया। लेकिन दुर्भाग्यवश चौथे बच्चे को बचाते हुए वह खुद डूब गई। जानकारी के मुताबिक लड़की का नाम अनुष्का था और वह आठवीं क्लास में पढ़ती थी। यह घटना धौलपुर के विनतीपुरा ग्राम पंचायत के धौलपुरा गांव में हुई। घटना की सूचना मिलते ही गांववालों में शोक की लहर दौड़ गई। लेकिन हर किसी ने तीन लड़कों को डूबने से बचाने के अनुष्का के बहादुरी भरे काम की दिल खोलकर तारीफ की। घटना की जानकारी देते हुए विनतीपुरा के सरपंच राजेश सिकरवार ने बताया कि अनुष्का चार अन्य बच्चों के साथ नदी तट पर गई थी। यह लोग सोमवार की दोपहर वहां पर रक्षाबंधन से जुड़े कार्यक्रम के लिए गए थे। 

गांव के बच्चों के साथ नदी तट गई थी अनुष्का

डूबने से बच गए बच्चों ने घटना के बारे में विस्तार से जानकारी है। इसके मुताबिक अनुष्का ने जो भी किया वह बहादुरी की एक अनोखी मिसाल है। जानकारी के मुताबिक गांव के पांच बच्चे पार्वती नदी के तट पर पल्हैया अनुष्ठान में हिस्सा लेने गए थे। अनुष्ठान के बाद बच्चों ने सोचा कि नदी में नहा लिया जाए। यह सोचकर सभी नदी में कूद पड़े, लेकिन तीन बच्चे नदी की धारा के साथ बहने लगे और डूबने लगे। यह देखकर अनुष्का नदी में कूद पड़ी और उन्हें नदी के किनारे पहुंचाया। यह तीनों बच गए। इसी दौरान अनुष्का के चाचा की लड़की 7 साल की छवि पानी की धारा के साथ आगे बह गई। उसे बचाने के चक्कर में अनुष्का नदी में डूब गई। राजेश सिकरवार ने बताया कि अनुष्का तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। एक दिन पहले ही अनुष्का ने अपने दो छोटे भाइयों को राखी बांधी थी। वह गांव की एक बहादुर लड़की थी, जिसने तीन बच्चों की जान बचाई। मैंने तय किया है कि उसके नाम पर एक कांपटीशन शुरू किया जाएगा। यह घटनास्थल मनीला पुलिस थाने के तहत आता है। पुलिस थाने के हेड कांस्टेबल अशोक कुमार ने बताया कि (13) वर्षीय अनुष्का छवि (7) को बचाते हुए डूब गई। लेकिन उसने खुशबू (12), पंकज (10) और गोविंदा (10) को बचा लिया।

यहां भी चार डूबे

धौलपुर जिले में ही हुई एक अन्य घटना में आगरा का रहने वाला 32 वर्षीय सोनू डूब गया, जबकि 15 वर्षीय शिवा घायल है। कोलारी थाने के इंचार्ज नरेश पोस्वाल ने बताया कि सोनू और शिवा रक्षाबंधन के लिए आए थे। यह दोनों मंगलवार को सुबह करीब 8.30 बजे नदी तट पर नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वो नदी की गहराई में चले गए।  इस दौरान सोनू की मौत हो गई और अन्य का उपचार चल रहा है।  बाड़मेर जिले में भी बच्चों के डूबने की दुखद घटना हुई है। यहां एक ही परिवार के तीन बच्चे तालाब में डूब गए। पुलिस ने बताया कि यह तीनों टाकू बारी गांव के रहने वाले थे। वह सोमवार दोपहर अपने घर से निकले और लापता हो गए। जब बच्चे घर नहीं लौटे तो घरवालों ने पुलिस को सूचना दी। स्थानीय सिंधारी पुलिस थाने के एसएचओ मनीराम ने बताया कि मोबाइल फोन और चप्पलों के आधार पर बच्चों की तलाश शुरू की गई। इसके बाद उनका शव तालाब में पाया गया।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER